29वें ओवर में लाबुशेन ने पकड़ा शानदार कैच
दक्षिण अफ्रीका की पारी के 29वें ओवर में मिशेल स्टार्क गेंदबाजी कर रहे थे। दक्षिण अफ्रीका की टीम चार विकेट खो चुकी थी और संघर्ष कर रही थी। ऐसे में खाया जोंडो ने ओवर की तीसरी गेंद पर बेहतरीन ड्राइव खेली। हालांकिं, उनके पैर नहीं चले थे और गेंद हवा में चली गई, लेकिन वह तेजी से बाउंड्री की तरफ जा रही थी। इस बीच कवर में खड़े लाबुशेन ने अपने बाईं तरफ शानदार डाइव लगाई और दोनों हाथों से कैच पकड़ने की कोशिश की। गेंद उनके हाथ में चिपक गई। इसके बाद वह जमीन पर गिरे, लेकिन गेंद अपने हाथ से छूटने नहीं दी। लाबुशेन का यह कैच देख बल्लेबाज और उनके साथी खिलाड़ी भी हैरान रह गए। खाया जोंडो को पवेलियन जाना पड़ा और दक्षिण अफ्रीका की आधी टीम 67 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गई।
मार्नस लाबुशेन ने इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के कप्तान डीन एल्गर को रन आउट कर अपनी टीम को तीसरी सफलता भी दिलाई थी। उनकी शानदार फील्डिंग की चर्चा पूरे दिन होती रही।
इस साल एक हजार रन पूरे कर सकते हैं लाबुशेन
मार्नस लाबुशेन इस साल शानदार फॉर्म में रहे हैं और टेस्ट क्रिकेट में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज भी हैं। उनके पास इस साल टेस्ट में 1000 रन पूरे करने का भी बेहतरीन मौका है। अगर लाबुशेन इस मैच में अर्धशतकीय पारी खेल पाते हैं तो यह खास उपलब्धि हासिल कर लेंगे।