एशेज के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम में वापसी की उम्मीद लगाए बैठे मार्नस लाबुशेन अपनी क्षमता के अनुसार वापसी का रास्ता खोजने और आलोचकों को गलत साबित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। इसी के तहत वह इंग्लैंड के खिलाफ ओपनिंग करने की इच्छा जता रहे हैं। हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के दौरान लाबुशेन को टेस्ट टीम से बाहर रखा गया था, ये 2019 के बाद पहली बार था जब वह ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम का हिस्सा नहीं थे।
लाबुशेन बोले- बाहर रहने से सोचने का समय मिला
लाबुशेन ने टेस्ट टीम से दूर अपना समय देश के क्रिकेट में खेलने या ऑस्ट्रेलिया ए के लिए खेलने के बजाय घर पर कोचिंग स्टाफ के साथ गहन प्रशिक्षण में बिताया। लाबुशेन ने कहा, टीम से बाहर होने से मुझे सोचने का मौका मिला और इससे मीडिया का दबाव भी नहीं रहा जो कहते हैं कि मुझे जाना होगा। मेरा मतलब है, यह खेल का हिस्सा है। एक निर्णायक मोड़ आता है, लेकिन यही वह चीज है जिससे मुझे खुशी मिलती है, संदेह करने वालों को गलत साबित करना और रास्ता ढूंढ़ना। वेस्टइंडीज के उन टेस्ट मैचों में न खेल पाने से मुझे पीछे मुड़कर सोचने का मौका मिला।
आखिरी बार डब्ल्यूटीसी फाइनल में खेले थे
लाबुशेन ने ऑस्ट्रेलिया के लिए आखिरी बार टेस्ट मैच में हिस्सा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल में लिया था जहां उन्होंने 17 और 22 रन की पारी खेली थी। शीर्ष क्रम में खराब प्रदर्शन के बावजूद, लाबुशेन ने कहा कि अगर ऑस्ट्रेलिया के लिए दोबारा खेलने का मौका मिला तो वह ओपनिंग की भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं।
लाबुशेन ने कहा, मुझे इस भूमिका में खेलने में खुशी हूं, मैं ऐसा करना पसंद करूंगा। अगर टेस्ट टीम में जगह बनाने के लिए मुझे ओपनर के तौर पर बल्लेबाजी करनी पड़ी, तो कोई बात नहीं। अगर आप मुझसे पूछें कि मैं कहां बल्लेबाजी करना पसंद करता हूं, तो जाहिर है मैंने अपने पूरे करियर में तीसरे नंबर पर ही बल्लेबाजी की है, लेकिन इस स्तर पर आपके पास कोई विकल्प नहीं है। मैंने डब्ल्यूटीसी फाइनल में भी ओपनिंग की थी और मुझे लगता है कि मैंने अच्छी बल्लेबाजी की थी।
ऑस्ट्रेलिया के लिए 58 टेस्ट मैच खेल चुका यह अनुभवी खिलाड़ी इस महीने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन वनडे मैचों में हिस्सा लेगा, जिसके बाद वह शेफील्ड शील्ड पर ध्यान केंद्रित करेंगे और 21 नवंबर से पर्थ में शुरू होने वाली पांच टेस्ट मैचों की एशेज सीरीज के लिए चयनकर्ताओं को प्रभावित करने की कोशिश करेंगे।