दक्षिण अफ्रीका के कोच मार्क बाउचर ने अगले महीने शुरू होने वाली टी20 वर्ल्ड कप के बाद कोच पद से हटने का फैसला किया है। उन्होंने सोमवार (12 सितंबर) को इंग्लैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज हारने के बाद यह फैसला किया है। इंग्लैंड ने तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में अफ्रीकी टीम को 2-1 से हराया। बाउचर के एसए20 (SA20) लीग में मुंबई इंडियंस की मालिकाना हक वाली टीम एमआई केपटाउन के साथ जुड़ने की संभावना है।
दिग्गज विकेटकीपर बाउचर को दिसंबर 2019 में टीम का कोच बनाया गया था। उनके रहते हुए टीम 11 टेस्ट मैचों में जीती। इसमें इस साल जनवरी में भारत के खिलाफ घरेलू मैदान पर मिली 2-1 की जीत भी शामिल है। दक्षिण अफ्रीका की टीम फिलहाल आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में दूसरे स्थान पर है। उसके फाइनल में पहुंचने की संभावनाएं कायम हैं।
बाउचर की कोचिंग में अफ्रीकी टीम 12 वनडे और 23 टी20 मैच जीतने में सफल रही। हाल ही में टीम ने इंग्लैंड को टी20 सीरीज में 2-1 से हराया था। वह भारत के दौरे पर टी20 और वनडे में टीम को कोच होंगे। बतौर कोच यह उनकी आखिरी द्विपक्षीय सीरीज होगी। उसके बाद टीम टी20 वर्ल्ड कप के लिए ऑस्ट्रेलिया रवाना होगी।
क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) के बयान के मुताबिक, बाउचर ने नई जिम्मेदारियों के अवसर को तलाशने के लिए इस्तीफा दिया है। सीएसए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी फोलेत्सी मोसेकी ने कहा- हम पिछले तीन सालों में दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट में मुख्य कोच के रूप में उनके समय और प्रयासों के लिए उन्हें धन्यवाद देना चाहते हैं। उन्होंने मुश्किल वक्त में टीम को नई दिशा दिखाई। हम उन्हें आगे के लिए शुभकामनाएं देते हैं।
एमआई केपटाउन के अलावा बाउचर के पास आईपीएल की कुछ टीमों से कोचिंग का ऑफर है। कुछ फ्रेंचाइजियों ने उनसे संपर्क भी किया है। बाउचर भी आईपीएल में कोचिंग देना चाहते हैं। वह कुछ साल पहले कोलकाता नाइटराइडर्स के कोचिंग स्टाफ में थे। तब जैक्स कालिस मुख्य कोच थे।