मोहम्मद कैफ और महेंद्र सिंह धोनी
- फोटो : फाइल फोटो
गैलेंट एलएलसीटेन10 क्रिकेट लीग के ट्रायल एलएलसी और अमर उजाला की ओर से बुधवार को उत्तर प्रदेश के पांच शहरों बरेली, मुरादाबाद, गोरखपुर, वाराणसी और झांसी में आयोजित किए गए। ट्रायल में हजारों की संख्या में युवा क्रिकेटर बहुप्रतीक्षित लीग में अपनी किस्मत आजमाने के लिए उमड़ पड़े। बड़ी संख्या में युवा क्रिकेटरों ने मौके पर पहुंच कर पंजीकरण कराया और टेनिस बॉल से आयोजित ट्रायल में शिरकत की।
ट्रायल में युवा क्रिकेटरों का जोश देखते बनता था। उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ और टेनिस बॉल क्रिकेट फेडरेशन ऑफ इंडिया के चयनकर्ताओं की पारखी नजरों के बीच युवाओं ने अपना क्रिकेट कौशल दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। मुरादाबाद और बरेली में लीग के फिटनेस मेंटर और पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने पहुंचकर न सिर्फ युवाओं में जोश भरा बल्कि खुद भी बल्ले और गेंद से हाथ आजमाकर उनका मार्गदर्शन भी किया। कैफ ने तो यहां तक कहा कि टेनिस बॉल क्रिकेट की बुनियाद है। उन्होंने और महेंद्र सिंह धोनी जैसे महान क्रिकेटर ने क्रिकेट की शुरुआत टेनिस बॉल से की थी।
टेनिस बॉल में धोनी सबसे बड़ा उदाहरण
मोहम्मद कैफ ने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी पहले झारखंड से टेनिस बाल से क्रिकेट खेलते थे। यहां से ही उन्होंने पहचान बनाई और टीम इंडिया के कप्तान बने। टेनिस बाल में महेंद्र सिंह धोनी से बड़ा उदाहरण और नहीं हो सकता। कैफ ने ट्रायल में पहुंचे कई युवा क्रिकेटरों से बात भी की। उन्होंने कहा, यूपी में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। सभी को बस मौके की जरूरत है।
कैफ ने कहा, 'मैं खुद यूपी के प्रयागराज से हूं। मैं पहली बार टेनिस बॉल से ही क्रिकेट खेला था। बरेली के इन्वर्टिस विश्वविद्यालय और गजरौला स्थित वेंकटेश्वरा यूनिवर्सिटी कैंपस पहुंचे कैफ ने कहा, प्रतिभाओं को उभारने के लिए युवाओं को एक मंच प्रदान करने की जरूरत है। एलएलसी टेन-10 का आयोजन इन युवाओं के लिए महत्वपूर्ण प्लेटफार्म साबित होगा। उन्होंने युवाओं से लीग के ट्रायल में जुड़ने की अपील की। इसके माध्यम से वह अपने हुनर को नई पहचान दे सकेंगे और प्रदेश के साथ देश का भी नाम रोशन करने का उन्हें मौका मिलेगा।'
कैफ ने ट्रायल में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए उनके साथ नेट्स पर बल्लेबाजी और गेंदबाजी भी की। कैफ ने ट्रायल में खेल रहे क्रिकेटरों की गेंदबाजी और बल्लेबाजी की प्रशंसा भी की।