पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण के संन्यास के बाद टेस्ट टीम में खाली हुई जगह को भरने के लिए मनोज तिवारी और रोहित शर्मा आस लगाए बैठे हैं। मुंबई के खिलाफ रणजी मैच से पहले 27 वर्षीय तिवारी ने कहा, ‘मुझे लगता है कि मेरा प्रदर्शन अच्छा है और निश्चित तौर पर मैं टेस्ट टीम में अपनी जगह सुनिश्चित करना चाहता हूं। मुझे भरोसा है कि मुझे टेस्ट टीम में खेलने का मौका मिलेगा। हालांकि यह सब चयनकर्ताओं पर निर्भर करता है।’
दूसरी ओर टखने की चोट के कारण नागपुर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने कैरियर का पहला टेस्ट खेलने से वंचित रहे मुंबई के रोहित ने कहा, ‘मैं मुंबई का प्रतिनिधित्व करते हुए भी केवल राष्ट्रीय टीम के लिए खेलने के बारे में विचार करता रहता हूं। मैं चाहता हूं कि मैं जब भी खेलूं अपनी राष्ट्रीय टीम के लिए ही खेलूं। मेरे दिमाग में हमेशा ही यह विचार चलता रहता है।’