कप्तान मनीष पांडेय (90*) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत इंडिया-ए ने दक्षिण अफ्रीका-ए को एक विकेट से हराकर त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में जगह बना ली है। मेजबान टीम की ओर से रखे गए 267 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेेहमान टीम ने दो गेंद शेष रहते मैच जीत लिया।ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या ने 15 गेंदों पर 25 रन बनाए।
इंडिया-ए टीम की मौजूदा टूर्नामेंट में यह लगातार तीसरी जीत है। भारत की ओर से संजू सैमसन ने 90 गेंदों पर 68 रन की पारी खेली। दक्षिण अफ्रीका-ए की ओर से हेनरिक क्लासन ने सबसे अधिक 127 रन बनाए जबकि विलेम मूल्डर ने 66 रन का योगदान दिया। इंडिया-ए की ओर से तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर ने चार जबकि सिद्धार्थ कौल ने तीन विकेट लिए।
रनों का पीछा कर रही टीम इंडिया उस वक्त मुसीबत में आ गई जब 225 के स्कोर पर 17 रन बनाकर यजुवेंद्र चहल रन आउट हो गए। चहल और पांडे के बीच सातवें विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी हुई। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए क्रुणाल पांड्या ने 25 गेंद में 35 रन की धमाकेदार पारी खेली और मैच को एक बार फिर इंडिया-ए की ओर ढ़केल दिया। जिस वक्त सिद्धार्थ कौल का विकेट गिरा तब भारत को जीत के लिए 9 गेंद में 4 रन बनाने थे। लेकिन मनीष आखिरी तक टिके रहे और मोहम्मद सिराज के साथ मिलकर जीत दिला दी।