ग्लामोरगन के कप्तान मैकल्म नैश का 74 साल की उम्र में निधन हो गया। जानकारी के अनुसार वह मंगलवार रात को लॉर्ड्स में एक रात्रि भोज के दौरान गिर गए थे। उन्हें अस्तपाल में भर्ती कराया गया जहां उनकी रात को मौत हो गई।
नैश 51 साल पहले 1968 में उस समय सुर्खियों में आए थे जब वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिकेटर गैरी सोबर्स ने उनकी छह गेंदों पर छह छक्के जड़ डाले थे। काउंटी चैंपियनशिप में नॉटिंघमशायर की ओर से खेल रहे सोबर्स ने ग्लामोरगन के स्पिनर नैश की गेंदों को बाउंड्री के पार पहुंचाया। सोबर्स प्रथम श्रेणी क्रिकेट में यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले क्रिकेटर बने थे।
हालांकि नैश (1966 से 1983) ने 17 साल के अपने प्रथम श्रेणी करिअर में 336 मैचों में 25.87 की औसत से 993 विकेट झटके और 7129 रन भी बनाए। उन्होंने 148 कैच भी लपके। यही नहीं नैश ने 271 लिस्ट ए मैचों मेें 21.27 की औसत से 324 विकेट चटकाए।