एम ए चिदंबरम स्टेडियम में एमएस धोनी के बल्ले से निकली नाबाद 113 रनों की आकर्षक पारी में '7' का अनोखा तालमेल दिखा। 7 नंबर की जर्सी पहनने वाले धोनी ने इस पारी में 7 चौके लगाए। इस पारी में धोनी 7वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए थे।
महज के 29 रनों पर शुरुआती पांच बल्लेबाजों के आउट होने के बाद धोनी ने 7वें विकेट के लिए आर अश्विन (नाबाद 31) के साथ मिलकर नाबाद 125 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की। 125 गेंदों में 113 रनों की इस पारी में धोनी ने 7 हजार वनडे रन पूरे किए। उन्होंने वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 7 हजारी बनने के मामले में सचिन तेंदुलकर की बराबरी की। सचिन ने भी 189 पारियों में 7000 का आंकड़ा पार किया था। धोनी भारत के 7वें ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने वनडे में 7 हजार रनों का आंकड़ा पार किया है।
खास बात यह है कि टीम इंडिया निर्धारित 50 ओवर में 227 रन बना सकी, जिसका अंक भी 7 रहा। इसके अलावा धोनी का जन्म दिन भी 7 जुलाई है।