लखनऊ सुपर जाएंट्स की जर्सी लॉन्च के दौरान राहुल, संजीव गोयनका, जय शाह और गौतम गंभीर
- फोटो : सोशल मीडिया
आईपीएल 2023 के लिए लखनूऊ सुपर जाएंट्स की नई जर्सी लॉन्च हो चुकी है। टीम के कप्तान लोकेश राहुल, मेंटर गौतम गंभीर, मालिक संजीव गोयंका और बीसीसीआई सचिव जय शाह ने टीम की नई जर्सी लान्च की। लखनऊ की नई जर्सी बैगनी रंग की है, जबकि पुरानी जर्सी आसमानी रंग की थी। लखनऊ की पुरानी जर्सी में भी हर डिजाइन के पीछे कोई न कोई वजह थी। इस बार भी जर्सी में कई डिजाइन हैं और उनके पीछे कोई न कोई वजह है।
फ्रेंचाइजी ने नई जर्सी लॉन्च करने के साथ ही इसमें बनाए गए डिजाइन का मतलब भी बताया है। लखनऊ की पूरी जर्सी में लकीरें बनी हुई हैं, जो आपस में जुड़ी हैं। ये लकीरें उत्तर प्रदेश में मौजूद कला के अलग-अलग रूपों को दर्शाती हैं। ये लकीरें लखनऊ की युवा और निडर टीम के साथ ही खेल की भावना को भी दर्शाती हैं।
इस जर्सी में दोनों तरफ हरे रंग की एक लकीर है, जो टीम के नाम सुपर जाएंट्स को दर्शाती है। यह लकीर कभी न हारने वाली भावना का प्रतीक है। इससे पता चलता है कि लखनऊ की टीम पुराने नियमों को तोड़कर नए अंदाज में खेलना चाहती हैं। जर्सी की नीले रंग की कॉलर टीम के लोगो से प्रेरित है। यह कॉलर दिखाती है कि पिच के ऊपर नीले रंग का आसमान है, जो भारतीय क्रिकेट फैंस से भरा हुआ है। साथ ही यह कॉलर उस प्रेम और शांति का भी प्रतीक है, जो हमें जोड़ती है।
जर्सी में चारों तरफ नारंगी मोटी धारियां हैं। ये धारियां लखनऊ के लोगों की मजबूत और साहस को दर्शाती हैं। ये मोटी धारियां कभी न हारने वाली और गलत का विरोध जताने वाली भावना का भी प्रतीक हैं। जर्सी में नीले रंग की धारियां सुपर जाएंट्स की असली भावना को दिखाती हैं और दर्शाती हैं कि नीले रंग की जर्सी में लखनऊ के खिलाड़ी कुछ भी कर गुजरने का दम-खम रखते हैं।