लखनऊ सुपरजाएंट्स के मुख्य कोच जस्टिन लैंगर ने कहा कि भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत अब उनके दुश्मन नहीं है, बल्कि दोस्त बन चुके हैं। पंत को हाल ही में लखनऊ फ्रेंचाइजी ने आईपीएल 2025 के लिए हुई मेगा नीलामी में 27 करोड़ रुपये में खरीदा था। पंत इस तरह आईपीएल इतिहास के सबसे ज्यादा दाम पर बिकने वाले खिलाड़ी बन गए थे।
पंत लखनऊ के कप्तान बनने की दौड़ में सबसे आगे चल रहे हैं क्योंकि टीम के पूर्व कप्तान केएल राहुल अब दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ गए हैं। ऐसे में अब पंत लैंगर के साथ आईपीएल में करीब से काम करेंगे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के दौरान ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर लैंगर ने पंत को उस वक्त अपना दोस्त बताया जब वह बल्लेबाजी के लिए उतर रहे थे।
लैंगर ने याद किया कि किस तरह पंत ऑस्ट्रेलिया के पिछले दौरों पर उन्हें डरा दिया करते थे, लेकिन लखनऊ के उन्हें लेने के बाद अब पंत उनके दोस्त होंगे। लैंगर ने कमेंट्री के दौरान कहा, पंत ने पिछली दो सीरीज में मुझे बहुत डराया। एक सप्ताह पहले ही वह मेरे लिए दुनिया के सबसे पसंदीदा व्यक्ति बन है क्योंकि लखनऊ ने उन्हें अपने साथ जोड़ा है। अब पंत मेरे दुश्मन, नहीं बल्कि दोस्त हैं।
पंत 2020-21 दौरे पर रहे थे हिट
पंत ने 2020-21 के ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने सिडनी टेस्ट के पांचवें दिन 96 रन बनाए थे। भारत उस मैच को ड्रॉ करने में सफल रहा था जिस कारण सीरीज 1-1 से ड्रॉ हो गई थी और इसका फैसला ब्रिसबेन के गाबा में हुए अंतिम टेस्ट से हुआ था। पंत ने गाबा मैदान पर 89 रन बनाए थे और मैच विजयी पारी खेलकर भारत को सीरीज अपने नाम कराने में अहम भूमिका निभाई थी। पंत की पारी के दम पर ही भारत ने ऑस्ट्रेलिया का गाबा का घमंड तोड़ा था।