लखनऊ सुपर जाएंट्स के सीईओ रधु अय्यर की कार सड़क हादसे का शिकार हुई है। इस कार में रघु अय्यर के अलावा टीम के मेंटर गौतम गंभीर के मैनेजर गौरव अरोड़ा और रचिता बेरी भी सवार थीं। हालांकि, यह हादसा बहुत बड़ा नहीं था और कार में सवार तीनों लोग पूरी तरह से सुरक्षित हैं। लखनऊ की टीम की तरफ से जारी बयान में बताया गया है कि कार मे ंसवार सभी लोग सुरक्षित हैं और पूरी तरह से ठीक हैं। लखनऊ की टीम आज पंजाब के खिलाफ आईपीएल 2022 में अपना नौवां मैच खेलेगी।
लखनऊ की टीम इस सीजन पहली बार आईपीएल का हिस्सा बनी है और अब तक शानदार खेल दिखाया है। आठ में से पांच मैच जीतकर फिलहाल लखनऊ की टीम अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। तीन मैचों में इस टीम को हार का सामना करना पड़ा है और लखनऊ के पास 10 अंक हैं। पंजाब के खिलाफ यह मैच जीतकर लखनऊ 12 अंकों के साथ अंक तालिका में तीसरे या दूसरे नंबर पर आना चाहेगी।
लखनऊ के लिए केएल राहुल और आवेश खान ने किया कमाल
लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए कप्तान राहुल और आवेश खान ने शानदार प्रदर्शन किया है। राहुल अब तक इस सीजन में दो शतक लगा चुके हैं। सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में वो जोस बटलर के बाद दूसरे स्थान पर हैं। राहुल नौ पारियों में 374 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनका औसत 53.43 और स्ट्राइक रेट 143.85 का रहा है। वहीं, आवेश खान ने गेंद के साथ कमाल किया है। आवेश इस सीजन में 11 विकेट चटका चुके हैं। उनका औसत 20.09 और इकोनॉमी 8.28 की रही है।
इन दोनों के अलावा युवा आयुष बदोनी और दीपक हुड्डा ने भी लखनऊ के लिए शानदार बल्लेबाजी की है। बदोनी ने मुश्किल हालातों में धैर्य के साथ बल्लेबाजी कर अपनी टीम को जीत दिलाई है। वहीं, हुड्डा ने कई बेहतरीन पारियां खेलकर मध्यक्रम में अपनी टीम को संभाला है।