आईपीएल 2026 के 32वें मुकाबले में बुधवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स (एलएसजी) की भिड़ंत राजस्थान रॉयल्स के साथ होगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। दोनों टीमों ने अपने-अपने पिछले मैच गंवाए हैं और ये दोनों ही वापसी के लिए बेताब होंगे। हालांकि, इस बात की संभावना कम ही है कि राजस्थान और लखनऊ प्लेइंग-11 में कोई बड़ा बदलाव करें।
आंकड़ों में राजस्थान का पलड़ा भारी
आंकड़ों को देखें तो एलएसजी के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स का पलड़ा भारी रहा है। आईपीएल 2026 में लखनऊ के लिए सीजन की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही है। टीम ने अब तक कुल छह मुकाबले खेले हैं, जिसमें से एलएसजी को सिर्फ दो मैच में जीत मिली है। वहीं, चार मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है।
संघर्ष कर रहा है लखनऊ का बल्लेबाजी क्रम
लखनऊ टीम का बल्लेबाजी क्रम इस सीजन रनों के लिए संघर्ष करता नजर आया है। मिचेल मार्श अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में लगातार नाकाम रहे हैं। वहीं, एडेन मार्करम भी आईपीएल 2026 में अभी तक एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके हैं। निकोलस पूरन और कप्तान ऋषभ पंत भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके हैं। गेंदबाजी में मोहम्मद शमी पिछले मुकाबले में पंजाब किंग्स के खिलाफ काफी महंगे साबित हुए थे और उन्होंने चार ओवर में 56 रन दिए थे। हालांकि, इस मुकाबले को छोड़कर शमी इस सीजन अच्छी लय में दिखे हैं। प्रिंस यादव ने अपनी गेंदबाजी से काफी प्रभावित किया है, लेकिन आवेश खान और मोहसिन उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके हैं।
रियान पराग की फॉर्म बनी चिंता का विषय
दूसरी तरफ, आईपीएल 2026 का आगाज लगातार चार जीत के साथ करने वाली राजस्थान रॉयल्स को पिछले दोनों मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ टीम एक समय पर मजबूत स्थिति में नजर आ रही थी, लेकिन अंतिम ओवरों में टीम के गेंदबाज जीत दिलाने में नाकाम रहे थे। बल्लेबाजी में यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी छाप छोड़ने में सफल रहे हैं। हालांकि, कप्तान रियान पराग की खराब फॉर्म टीम के लिए चिंता का विषय बन गई हैं। शिमरॉन हेत्मायर भी कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके हैं। राजस्थान रॉयल्स की ओर से गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर और नांद्र बर्गर की जोड़ी ने बढ़िया प्रदर्शन किया है। स्पिन विभाग में रवि बिश्नोई और रवींद्र जडेजा की जोड़ी ने खासा प्रभावित किया है।
इस मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:
लखनऊ सुपर जाएंट्स: एडेन मार्करम, मिचेल मार्श, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, मुकुल चौधरी, मोहम्मद शमी, आवेश खान, प्रिंस यादव, मणिमरन सिद्धार्थ, मोहसिन खान।
राजस्थान रॉयल्स: वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरॉन हेत्मायर, डोनोवान फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्र बर्गर, बृजेश शर्मा, रवि बिश्नोई।
हम यहां आपको राजस्थान और लखनऊ के बीच आईपीएल 2026 के मैच की लाइव स्ट्रीमिंग से जुड़ी जानकारी दे रहे हैं...
राजस्थान और लखनऊ के बीच आईपीएल 2026 का मैच कब खेला जाएगा?
राजस्थान और लखनऊ के बीच आईपीएल 2026 का मैच 22 अप्रैल यानी बुधवार को खेला जाएगा।
राजस्थान और लखनऊ के बीच आईपीएल 2026 का मैच कहां खेला जाएगा?
राजस्थान और लखनऊ के बीच आईपीएल 2026 का मैच लखनऊ के अटल विहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा।
राजस्थान और लखनऊ के बीच आईपीएल 2026 का मैच कितने बजे से खेला जाएगा?
राजस्थान और लखनऊ के बीच आईपीएल 2026 का मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम 7:00 बजे होगा।
राजस्थान और लखनऊ के बीच आईपीएल 2026 का मैच कहां देख पाएंगे?
आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स के पास है और दर्शक इसके मुकाबले स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देख सकेंगे। इसके अलावा मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार एप पर होगी। आप Amarujala.com पर भी मैच के लाइव अपडेट्स पढ़ सकते हैं।