गुजरात टाइंटस के स्टार बल्लेबाज जोस बटलर ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ खेले गए आईपीएल 2026 के मुकाबले में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। बटलर ने इस दौरान टी20 प्रारूप में 14000 रन पूरे कर लिए हैं। लखनऊ के भारत रत्न अटल विहारी वाजपेयी स्टेडियम में खेले गए मैच में बटलर ने शानदार बल्लेबाजी की और गुजरात को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
टी20 में 14000 रन पूरे करने वाले पांचवें बल्लेबाज
जोस बटलर टी20 क्रिकेट में 14 हजार रन बनाने वाले महज पांचवें बल्लेबाज हैं। बटलर से पहले यह मुकाम सिर्फ क्रिस गेल, कीरोन पोलार्ड, एलेक्स हेल्स और डेविड वॉर्नर ही हासिल कर सके हैं। टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड गेल के नाम है जिन्होंने 463 मुकाबलों में 144 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 14562 रन बनाए हैं। वहीं, पोलार्ड ने 735 मुकाबलों में 150 के स्ट्राइक रेट से 14482 रन बनाए हैं। हेल्स के नाम 14,449 दर्ज हैं तो वॉर्नर ने 14,121 रन बनाए हैं।
बटलर टी20 क्रिकेट में 14000 रन पूरे करने वाले इंग्लैंड के महज दूसरे बल्लेबाज हैं। बटलर से पहले यह कारनामा सिर्फ एलेक्स हेल्स ही कर सके हैं। इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज ने 14000 रन 468वीं पारी में पूरे किए। बटलर सबसे तेज 14000 रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज हैं। टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 14000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम ही है। उन्होंने सिर्फ 423 पारियों में यह मुकाम हासिल किया था। वहीं, डेविड वॉर्नर ने 431 पारियों में 14000 रन पूरे किए थे।
फॉर्म में लौटे बटलर
बटलर ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ टी20 क्रिकेट में अर्धशतकों का शतक भी लगाया। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में 60 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में विकेटकीपर बल्लेबाज ने 11 चौके लगाए। बटलर इस प्रारूप में आठ शतक भी लगा चुके हैं। टी20 विश्व कप 2026 में बटलर रनों के लिए बुरी तरह से जूझते हुए नजर आए थे। बटलर आठ पारियों में सिर्फ 116 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 87 रन ही बना सके थे। हालांकि, बटलर का फॉर्म में आना गुजरात टाइटंस के लिए राहत भरी खबर है।
गुजरात को दिलाई जीत
शुभमन गिल और जोस बटलर के अर्धशतकों की मदद से गुजरात टाइटंस ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को सात विकेट से हराया। लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 164 रन बनाए। जवाब में गुजरात ने 18.4 ओवर में तीन विकेट पर 165 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। गुजरात के लिए बटलर ने 60 रन और गिल ने 56 रन बनाए। इन दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 84 रन जोड़कर जीत की नींव रखी।