शुभमन गिल और साई सुदर्शन की जोड़ी गुजरात टाइटंस को लगातार बड़ी शुरुआत दिला रही है और ऐसा ही कुछ लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ भी देखने मिला। लखनऊ ने टॉस जीतकर गुजरात को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया, लेकिन गिल और सुदर्शन ने शानदार बल्लेबाजी की और पहले विकेट के लिए 120 रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।
दोनों टीमों ने किया एक-एक बदलाव
लखनऊ ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है और मिचेल मार्श की जगह हिम्मत सिंह को मौका दिया है। मार्श की बेटी बीमार हैं जिस कारण वह इस मैच के लिए अनुपलब्ध हैं। गुजरात ने भी कुलवंत खजरोलिया की जगह वाशिंगटन संदर को मौका दिया है। पंत ने टॉस के दौरान बताया, मार्श की बेटी बीमार हैं और वह उनका ध्यान रख रहे हैं।
ये भी पढ़ें: LSG vs GT: शानदार फॉर्म में चल रहे मिचेल मार्श गुजरात के खिलाफ अनुपलब्ध, जानें किस कारण मैच से रहे बाहर
गुजरात को दिलाई मजबूत शुरुआत
गिल और सुदर्शन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात को मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआत से आक्रामक रुख अपनाया जिससे गुजरात ने पावरप्ले में 50 रन का आंकड़ा पार कर लिया। गिल ने इस दौरान 31 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद साई सुदर्शन भी पचासा जड़ने में सफल रहे। आवेश खान ने एडेन मार्करम के हाथों कैच कराकर शुभमन गिल की पारी का अंत किया और लखनऊ को पहली सफलता दिलाई। गिल ने शॉट अच्छा खेला था, लेकिन बाउंड्री पर मार्करम ने उनका कैच पकड़ा। गिल ने 38 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 60 रन बनाए।
गिल और सुदर्शन 2022 से आईपीएल में चौथी बार 100+ रनों की साझेदारी कर चुके हैं। उन्होंने इस मामले में फाफ डुप्लेसिस और विराट कोहली तथा डुप्लेसिस और ग्लेन मैक्सवेल की बराबरी कर ली है। सुदर्शन और गिल के अलावा 2022 से डुप्लेसिस-कोहली और डुप्लेसिस-मैक्सवेल ने भी चार बार 100+ रनों की साझेदारी की है। वहीं, अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड के बीच इस दौरान तीन बार 100+ रनों की साझेदारी हुई है।
ये भी पढ़ें: IPL 2025: लखनऊ के खिलाफ मैच से पहले गुजरात टाइटंस को लगा झटका, यह कीवी ऑलराउंडर टूर्नामेंट से हुआ बाहर
गुजरात के लिए यह तीसरी बड़ी ओपनिंग साझेदारी
गुजरात के लिए यह तीसरी बड़ी ओपनिंग साझेदारी है। गुजरात के लिए गिल और सुदर्शन के नाम सबसी बड़ी ओपनिंग साझेदारी करने का रिकॉर्ड है। इन दोनों ने पिछले साल चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पहले विकेट के लिए 210 रनों की साझेदारी की थी। वहीं, गिल और ऋद्धिमान साहा ने 2023 में लखनऊ के खिलाफ पहले विकेट के लिए 142 रन जोड़े थे। गिल और सुदर्शन अब तक ओपनिंग साझेदारी के तौर पर 648 रन बना चुके हैं।