लखनऊ सुपर जाएंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच बुधवार को आईपीएल 2026 का मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में सबसे ज्यादा नजर लखनऊ के कप्तान पंत पर होगी जो अपने प्रदर्शन में सुधार करना चाहेंगे। वहीं, दिल्ली के सामने ओपनिंग जोड़ी की चुनौती होगी क्योंकि इस टीम ने पिछले सीजन ओपनिंग संयोजन में काफी बदलाव किए थे। दोनों टीमों के बीच ये मैच लखनऊ के अटल विहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में होगा।
पिछली सीजन अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरे थे पंत
पिछले साल लखनऊ टीम के साथ बतौर कप्तान और स्टार बल्लेबाज अपने पहले साल में पंत अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर सके थे। प्रमुख खिलाड़ियों खासकर तेज गेंदबाजों की चोटों ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी थी। इस साल उनके पास पूरी तरह से फिट टीम है और मोहम्मद शमी तथा एनरिच नॉर्त्जे जैसे अनुभवी गेंदबाजों के आने से आक्रमण मजबूत हुआ है। अक्सर चोटिल रहने वाले तेज गेंदबाज मयंक यादव ने पिछले एक साल में अपनी फिटनेस पर काफी काम किया है और लखनऊ को उम्मीद होगी कि वह उस भरोसे पर खरे उतरें जो टीम ने उन पर किया है।
बेहतर लग रही है लखनऊ की बल्लेबाजी
तेज गेंदबाज मोहसिन खान भी चोट से उबरकर वापसी कर रहे हैं, जबकि प्रिंस यादव ने भी अपनी मध्यम तेज गेंदबाजी से प्रभावित किया है। स्पिनर दिग्वेश सिंह राठी ने पहले साल में ही अपने प्रदर्शन की छाप छोड़ी थी और वह उस प्रदर्शन को दोहराना चाहेंगे। गेंदबाजी की तुलना में लखनऊ की बल्लेबाजी बेहतर लग रही है। मिचेल मार्श और एडेन मार्करम आईपीएल की सबसे खतरनाक सलामी जोड़ियों में से है। पिछले सत्र में चौथे नंबर पर कोई कमाल नहीं कर सके पंत ने तीसरे नंबर पर शतक जमाया था। वह तीसरे नंबर पर ही उतरेंगे, जबकि निकोलस पूरन चौथे नंबर पर खेलेंगे।
दिल्ली के लिए कौन करेगा आगाज?
दिल्ली कैपिटल्स ने पिछले सत्र में सात सलामी जोड़ियों को आजमाया लेकिन बात नहीं बनी। इस सत्र में उन्हें शीर्षक्रम में स्थिरता की उम्मीद होगी। केएल राहुल पारी का आगाज करेंगे लेकिन उनके साथ पृथ्वी शॉ, अभिषेक पोरेल या पाथुम निसांका में से कौन होगा, अभी तय नहीं है। मध्यक्रम को मजबूती देने के लिए डेविड मिलर को लाया गया है, जबकि दक्षिण अफ्रीका के ट्रिस्टन स्टब्स भी टीम में हैं। चोट के कारण मिचेल स्टार्क पहला मैच नहीं खेल सकेंगे लेकिन दिल्ली का गेंदबाजी आक्रमण मजबूत है। कप्तान अक्षर पटेल और कुलदीप यादव जैसे दो मैच विनर उसके पास हैं। उनके साथ लुंगी एनगिदी भी हैं जो टी20 विश्व कप में जबरदस्त फॉर्म में थे।
इस मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:
लखनऊ सुपर जाएंट्स: मिचेल मार्श, एडेन मार्करम, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, अब्दुल समद, एनरिच नॉर्त्जे, मोहम्मद शमी, आवेश खान, मयंक यादव, दिग्वेश राठी।
दिल्ली कैपिटल्स: पाथुम निसांका, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश राणा, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, विपरज निगम, औकिब नबी, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी।
हम यहां आपको दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच आईपीएल 2026 के मैच की लाइव स्ट्रीमिंग से जुड़ी जानकारी दे रहे हैं...
दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच आईपीएल 2026 का मैच कब खेला जाएगा?
दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच आईपीएल 2026 का मैच 01 अप्रैल यानी बुधवार को खेला जाएगा।
दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच आईपीएल 2026 का मैच कहां खेला जाएगा?
दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच आईपीएल 2026 का मैच लखनऊ के अटल विहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा।
दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच आईपीएल 2026 का मैच कितने बजे से खेला जाएगा?
दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच आईपीएल 2026 का मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम 7:00 बजे होगा।
दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच आईपीएल 2026 का मैच कहां देख पाएंगे?
आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स के पास है और दर्शक इसके मुकाबले स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देख सकेंगे। इसके अलावा मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार एप पर होगी। आप Amarujala.com पर भी मैच के लाइव अपडेट्स पढ़ सकते हैं।