इस बार होम एवं अवे फॉर्मेट की वापसी हो रही है। ऐसे में लखनऊ सुपरजाएंट्स की टीम पहली बार अपने घर पर खेलेगी। लखनऊ की टीम की अपनी मुश्किलें हैं। कप्तान लोकेश राहुल करियर के कठिन दौर से गुजर रहे हैं। पिछले कुछ समय से उनके बल्ले से रन नहीं निकल रहे हैं। हालांकि, टी-20 एक ऐसा फॉर्मेट है जिसमें टीमों का कायाकल्प होने में समय नहीं लगता। जो टीम संकट से गुजर रही होती है वो जीत की लय पाते ही चैंपियन की तरह खेल दिखाने लगती है।
लखनऊ की बात करें तो देखना होगा कि कप्तान लोकेश राहुल अपनी मौजूदा फॉर्म के साथ कितने मजबूत मनोबल के साथ उतरते हैं। वह विपक्षी टीम की कमजोर गेंदबाजी का कितना फायदा उठा पाते हैं। किस स्ट्राइक रेट से रन जुटा पाते हैं। दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक पहले मैच में नहीं खेलेंगे तो उनकी जगह टीम में काइल मायर्स खेल सकते हैं।
यह देखने वाली बात होगी कि वह कितनी और कैसी भरपाई कर पाते हैं। क्रुणाल पांड्या, आयुष बदोनी और दीपक हुड्डा और बड़ी राशि के अनुबंध के साथ टीम में शामिल होने वाले वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन के प्रदर्शन पर भी निगाह रहेगी। पिछले दो सीजन से फेल रहे पूरन को इस साल मिनी ऑक्शन में लखनऊ ने 16 करोड़ रुपये में खरीदा था।
लखनऊ के लिए अमित मिश्रा हो सकते हैं एक्स-फैक्टर
लखनऊ के पास अमित मिश्रा जैसे अच्छे विकल्प हैं जो मिचेल मार्श और रोवमन पॉवेल के खिलाफ कारगर साबित हो सकते हैं। अनुभवी अमित मिश्रा के तरकश में अभी ऐसे तीर हैं जो विपक्षी बल्लेबाजों के रनों पर अंकुश लगा सके। दिल्ली कैपिटल्स के कोच पोंटिंग मुंबई के अमन खान का उपयोग कर सकते हैं, जिनका उन्होंने नेट प्रैक्टिस के समय काफी फोकस किया था।
जब दिल्ली कैपिटल्स शनिवार को लखनऊ के खिलाफ इकाना स्टेडियम में अपने अभियान की शुरुआत करेगी तो काफी कुछ दारोमदार ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों पर होगा। कप्तान डेविड वॉर्नर को आईपीएल काफी रास आता है। वह इस बार दिल्ली की कप्तानी कर रहे हैं। इसके अलावा मिचेल मार्श हैं जिन्होंने भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के तीन मैचों में 12 छक्के लगाए थे, इनमें भी 11 तो पहले दो मैचों में लगे थे। ऐसा लगता है मार्श भारतीय पिचों के मिजाज को समझ चुके हैं। यह दिल्ली कैपिटल्स के लिए बड़े फायदे का सौदा हो सकता है।
वॉर्नर-पृथ्वी पर तेज शुरुआत दिलाने का जिम्मा
दिल्ली को आक्रामक शुरुआत दिलाने का जिम्मा कप्तान वॉर्नर और पृथ्वी शॉ पर होगा। यदि सलामी जोड़ी ऐसा करने में सफल रही तो मार्श के लिए बड़ी आदर्श स्थिति हो जाएगी। कोच रिकी पोंटिंग को पृथ्वी से बड़ी आस है और खास दिन वह किसी भी आक्रमण की धज्जियां उड़ा सकते हैं। वह तेज गेंदबाजों पर भी उतने ही प्रभावी हैं और लखनऊ टीम में शामिल 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकने वाले मार्क वुड उनके लिए शॉट खेलने के अवसर उपलब्ध करा सकते हैं।
दूसरी ओर वॉर्नर तो गजब के खिलाड़ी हैं और आईपीएल के उन चुनींदा बल्लेबाजों में शामिल हैं जो अपने बूते टीम की जीत सुनिश्चित कर सकते हैं। फिलहाल वह फॉर्म में नहीं दिख रहे लेकिन हो सकता है मैच के लिए अलग ही वॉर्नर नजर आएं। पंत की अनुपस्थिति में दिल्ली का मध्यक्रम उतना मजबूत नहीं दिखता। एक रोवमैन पावेल को छोड़ दें तो बाकी बल्लेबाजों के लिए यह चुनौती रहेगा।
यह ठीक है कि अक्षर पटेल ने लाल गेंद से टेस्ट क्रिकेट में अच्छी बल्लेबाजी करके दिखाई है लेकिन यह कोई गारंटी नहीं है कि वही लय सबसे छोटे प्रारूप में भी नजर आए। यश ढुल को अभी सीनियर स्तर पर छाप छोड़ने में समय लग सकता है और विकेट के पीछे जिम्मा संभालने की अतिरिक्त जिम्मेदारी संभालने के कारण सरफराज की बल्लेबाजी पर असर पड़ सकता है।
दक्षिण अफ्रीका के एनरिच नोर्त्जे, लुंगी एनगिडी और बांग्लादेश के मुस्तफिजुर रहमान राष्ट्रीय टीम को अपनी सेवाएं देने के कारण पहले मैच के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। अनुभवी इशांत शर्मा लय में नहीं दिखते। खलील अहमद और चेतन सकारिया को अभी इस स्तर पर गेंदबाजी में ज्यादा निपुण होने की जरूरत है। युवा मुकेश कुमार को मौका मिलना तय लग रहा है लेकिन उनकी अभी सही आजमाइश हुई नहीं है। स्पिनरों के आठ ओवर महत्वपूर्ण होंगे। स्पिन विभाग में अक्षर पटेल और कुलदीप यादव जैसे काबिल स्पिनर टीम के पास हैं।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
लखनऊ सुपर जाएंट्स
सुपर जाएंट्स तीन विदेशी खिलाड़ियों के साथ शुरुआत कर सकता है। अगर वे पहले बल्लेबाजी करते हैं, तो उनके तीन विदेशी खिलाड़ी काइल मायर्स, पूरन और मार्कस स्टोइनिस हो सकते हैं। ऐसे में दूसरी पारी में मार्क वुड एक बल्लेबाज के लिए इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में आ सकते हैं।
अगर लखनऊ की टीम पहले बैटिंग करती है तो
लखनऊ सुपर जाएंट्स: केएल राहुल (कप्तान/विकेटकीपर), काइल मायर्स, दीपक हुड्डा, निकोलस पूरन, मार्कस स्टोइनिस, आयुष बदोनी, क्रुणाल पांड्या, प्रेरक मांकड़, जयदेव उनादकट, आवेश खान, रवि बिश्नोई।
यदि लखनऊ की टीम पहले गेंदबाजी करते हैं तो वे मायर्स, स्टोइनिस और वुड के साथ शुरुआत कर सकते हैं। पूरन पीछा करते हुए वुड की जगह ले सकते हैं।
अगर लखनऊ की टीम पहले बॉलिंग करती है तो
लखनऊ सुपर जाएंट्स: केएल राहुल (कप्तान/विकेटकीपर), काइल मायर्स, दीपक हुड्डा, मार्कस स्टोइनिस, आयुष बदोनी, क्रुनाल पांड्या, प्रेरक मांकड़, जयदेव उनादकट, आवेश खान, मार्क वुड, रवि बिश्नोई।
दिल्ली कैपिटल्स
पंत की अनुपस्थिति में सरफराज खान के विकेटकीपिंग करने की संभावना है। अगर मुस्तफिजुर उपलब्ध नहीं होते हैं तो यह कैपिटल्स की डेथ बॉलिंग को कमजोर करेगा। इसका मुकाबला करने के लिए, वे अपनी टीम में चार विदेशी बल्लेबाजों को शामिल करके अपनी बल्लेबाजी को मजबूत कर सकते हैं। ईशांत शर्मा इम्पैक्ट प्लेयर हो सकते हैं और जब वे गेंदबाजी करते हैं तो शॉ की जगह ले सकते हैं।
अगर दिल्ली की टीम पहले बैटिंग करती है तो
दिल्ली कैपिटल्स: डेविड वॉर्नर (कप्तान), पृथ्वी शॉ, मिशेल मार्श, राइली रूसो, सरफराज खान (विकेटकीपर), रोवमन पॉवेल, अक्षर पटेल, अमन खान/कमलेश नागरकोटी, कुलदीप यादव, चेतन सकारिया, खलील अहमद।
यदि दिल्ली की टीम पहले गेंदबाजी करती है, तो ईशांत खेल सकते हैं, बाद में इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर पृथ्वी शॉ को मौका मिल सकता है।
अगर दिल्ली की टीम पहले बॉलिंग करती है तो
दिल्ली कैपिटल्स: डेविड वॉर्नर (कप्तान), मिचेल मार्श, राइली रूसो, सरफराज खान (विकेटकीपर), रोवमन पॉवेल, अक्षर पटेल, अमन खान/कमलेश नागरकोटी, कुलदीप यादव, चेतन सकारिया, खलील अहमद, ईशांत शर्मा