पंजाब किंग्स की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ आईपीएल 2025 के क्वालिफायर-1 मुकाबले में 101 रन पर ऑलआउट हो गई। आरसीबी ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था और गेंदबाजों ने इसे सही साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। पंजाब की बल्लेबाजी इस कदर खराब रही कि टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी।
स्टोइनिस ने बनाए सर्वाधिक रन
पंजाब ने इसके साथ ही एक अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। आरसीबी के गेंदबाजों ने घातक प्रदर्शन के साथ पंजाब को तगड़ा झटका दिया। पंजाब की टीम 14.1 ओवर में 101 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। उसके लिए मार्कस स्टोइनिस ने सर्वाधिक 26 रन बनाए। वहीं, प्रभसिमरन और अजमतुल्लाह उमरजई 18-18 रन बनाकर आउट हुए। पंजाब के छह बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए।
आईपीएल 2025
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब ने बनाया अपना चौथा न्यूनतम स्कोर
पंजाब की टीम इसके साथ ही आईपीएल प्लेऑफ में सबसे कम ओवर तक बल्लेबाजी करने वाली टीम बन गई है। उसने दिल्ली डेयरडेविल्स (अब कैपिटल्स) के 2008 में बनाए इस अनचाहे रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। उस वक्त दिल्ली की टीम राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 16.1 ओवर तक ही बल्लेबाजी कर सकी थी। यह आईपीएल प्लेऑफ का संयुक्त रूप से तीसरा न्यूनतम टोटल भी है। आईपीएल प्लेऑफ में सबसे कम स्कोर बनाने का रिकॉर्ड डेक्कन चार्जर्स के नाम है जिसने 2010 में आरसीबी के खिलाफ 82 रन बनाए थे। यह पंजाब किंग्स का भी आईपीएल का चौथा न्यूनतम स्कोर है।
पंजाब कर पाएगी करिश्मा?
पंजाब ने ग्रुप चरण में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को कम स्कोर वाले मैच में 95 रन पर ऑलआउट कर जीत दर्ज की थी। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि पंजाब वो कारनामा इस मुकाबले में दोहरा पाती है या नहीं। आईपीएल प्लेऑफ में सिर्फ एक बार हुआ है जब किसी टीम ने 140 से कम स्कोर का लक्ष्य का बचाव सफलतापूर्वक हासिल किया है। मुंबई इंडियंस और राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स के बीच आईपीएल 2017 में 130 रनों के लक्ष्य का बचाव मुंबई ने कर लिया था।