चैंपियंस लीग ट्वंटी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में लगातार दूसरी हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का कहना है कि बीच के ओवरों में लगातार विकेट गंवाना उनकी टीम को भारी पड़ा।
हाइवेल्ड लायंस से मिली छह विकेट से हार के बाद धोनी ने कहा, ‘हमारी शुरुआत अच्छी हुई थी लेकिन बीच के ओवरों में हमने काफी विकेट गंवा दिए। इसी वजह से स्लाग ओवरों में उतने रन नहीं बना सके, जितने बनाने चाहिए थे। हालांकि 158 रन का स्कोर बुरा नहीं था लेकिन नो बाल्स की टाइमिंग अहम रही। छोटी-छोटी बातें काफी मायने रखती है। अचानक ही मैच का रुख बदल गया और लायंस के बल्लेबाज खुलकर रन बनाने लगे।’
उन्होंने शुरुआत में स्पिनरों को नहीं आजमाने के अपने फैसले का बचाव करते हुए कहा कि ‘मीडियम पेसर अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे। लिहाजा मैंने शुरू में उनसे तीन-तीन ओवर कराए।’
पिचों से तालमेल नहीं बिठा पाई आईपीएल टीमें
चेन्नई सुपर किंग्स के आलराउंडर डू प्लेसिस ने कहना है कि इंडियन प्रीमियर लीग की टीमें दक्षिण अफ्रीका की उछाल वाली पिचों से तेजी से तालमेल नहीं बिठा पाई हैं और चैंपियंस लीग ट्वंटी-20 में उनके खराब प्रदर्शन की यह मुख्य वजह है।
आईपीएल चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस ने टूर्नामेंट में अभी तक कोई मैच नहीं जीता है जबकि दिल्ली डेयरडेविल्स अपना पहला मैच जीतने में सफल रहा था। चेन्नई की टीम मंगलवार को हाईवेल्ड लायंस से छह विकेट से हार गई थी। यह उसकी लगातार दूसरी हार है। बकौल डू प्लेसिस, ‘आपको तेजी से परिस्थितियों से तालमेल बिठाना होता है। आईपीएल की ज्यादातर टीमों की शुरुआत अच्छी नहीं रही क्योंकि उनके लिए यहां की परिस्थितियों एकदम से भिन्न हैं।’