मतदान के बाद सपरिवार सचिन तेंदुलकर
- फोटो : एएनआई
लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए आज वोटिंग हो रही है। मुंबई की पूरी 6 सीटों पर आज ही मतदान हो रहा है। ऐसे में सुबह से ही सेलिब्रिटीज वोट डालने पहुंच रहे हैं। दोपहर डेढ़ बजे के तकरीबन 'भारत रत्न' और पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने भी मतदान किया।
इस दौरान सचिन का पूरा परिवार उनके साथ था। बेटी सारा और बेटा अर्जुन तो पहली बार वोट डाल रहे थे। मतदान के बाद पूर्व राज्य सभा सांसद ने स्याही लगी अंगुली दिखाकर लोगों से वोटिंग की अपील की।
पत्रकारों से बात करते हुए सचिन ने कहा कि, 'हर नागरिक को मतदान करना चाहिए। यह देश के लिए बेहद अहम है। सारा-अर्जुन का पहला मतदान है। मैंने कहा था कि अंजलि के साथ दोनों बच्चों को भी लेकर आउंगा। हम आए हैं और वोट किया है। आप भी निकलिए। इसके बाद पत्रकारों के अनुरोध पर 'भारत रत्न' ने मराठी में भी मतदान की अपील की।