पाकिस्तान के युवा बल्लेबाज हैदर अली
- फोटो : social media
पाकिस्तान के युवा बल्लेबाज हैदर अली ने शनिवार को कहा कि आगामी टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में न्यूजीलैंड के चोटिल आक्रामक तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन की गैरमौजूदगी से उनकी टीम की योजना पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
वेस्टइंडीज के खिलाफ हालिया टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में आठ रन से कम औसत से सात विकेट लेने वाले फर्ग्यूसन मैन ऑफ द सीरीज थे। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला का आगाज 18 दिसंबर से होगा।
हैदर ने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि इससे हमें ज्यादा फर्क पड़ेगा क्योंकि हम उनके सभी गेंदबाजों का सामना करने की तैयारी कर रहे हैं। हम किसी एक विशेष गेंदबाज पर ध्यान देने में विश्वास नहीं करते हैं।'
उन्होंने कहा, 'हम विरोधी टीम के सभी गेंदबाजों को महत्व देते हैं चाहे वह फर्ग्यूसन हो या कोई और। कई बार मुख्य गेंदबाजों की जगह कामचलाऊ गेंदबाज विकेट निकाल लेते हैं। हमारी मानसिकता किसी एक गेंदबाज पर ध्यान देने की नहीं है।'