वेंकटेश्वरा लायंस ने डे स्प्रिंग ईगल्स को नौ विकेट से हरा दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए डे स्प्रिंग ईगल्स ने 10 ओवर में सभी 10 विकेट गंवाकर 75 रन बनाए थे। जवाब में वेंकटेश्वरा लायंस ने 7.3 ओवर में एक विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ वेंकटेश्वरा ने सुपर सिक्स में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को बनाए रखा है, जबकि डे स्प्रिंग ईगल्स भी अभी रेस में है। ग्रुप-बी में सुपर सिक्स में पहुंचने की जंग दिलचस्प हो चली है। वेंकटेश्वरा और डे स्प्रिंग दोनों ने अब तक दो-दो मैच खेले हैं और एक-एक में जीत हासिल की है। ग्रुप बी में मेरठ इनवेडर्स तीन मैचों में दो जीत के साथ शीर्ष पर है। लखनऊ पैंथर्स की उम्मीदें लगभग समाप्त हो चुकी हैं। उसके तीन मैच में एक जीत है। वेंकटेश्वरा और डे स्प्रिंग के बीच सुपर सिक्स में पहुंचने की जंग है।
डे स्प्रिंग ईगल्स की पारी
डे स्प्रिंग ईगल्स की शुरुआत खराब रही थी। टीम ने 29 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। कप्तान सिकंदर भाटी 16 रन, चित्रांश श्रीवास्तव खाता खोले बिना, सत्या प्रकाश सिंह दो रन और वेद प्रकाश तिवारी सात रन बनाकर आउट हुए थे। ललित 16 रन और यदवेंद्र कुमार 10 रन बनाकर पवेलियन लौटे थे। भरत राम आठ रन और आदर्श सिंह छह रन बना सके। उमेश कुमार और जैद खान खाता नहीं खोल सके। मनीष राठी छह रन बनाकर नाबाद रहे। वेंकटेश्वरा की ओर से निजमा मलिंगा और रोहित शर्मा ने तीन-तीन विकेट लिए। वहीं, धर्मेंद्र कुमार को दो विकेट मिले। विशाल यादव को एक विकेट मिला।
वेंकटेश्वरा लायंस की पारी
76 रन के मामूली लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेंकटेश्वरा लायंस टीम की शुरुआत खराब रही थी। टीम ने पहले ओवर में एक के स्कोर पर पहला विकेट गंवा दिया था। वसीक राजा खाता खोले बिना आउट हुए थे। इसके बाद कप्तान धर्मेंद्र कुमार यादव और शानू अलीगढ़ ने मिलकर टीम को जीत दिलाई। कप्तान धर्मेंद्र 25 गेंद में दो चौके और छह छक्के की मदद से 53 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि शानू 18 गेंद में 21 रन बनाकर नाबाद रहे। डे स्प्रिंग ईगल्स की ओर से ललित को एक विकेट मिला।