आगरा और मेरठ में युवा क्रिकेटरों की जोश भरी भागीदारी के साथ एलएलसी और अमर उजाला की ओर से कराई जा रही गैलेंट एलएलसीटेन10 लीग के ट्रायल मंगलवार को संपन्न हो गए। आगरा के बिचपुरी स्थित गोएनका चाहर क्रिकेट अकादमी और मेरठ की आईआईएमटी यूनिवर्सिटी में बड़ी संख्या में युवा ट्रायल के लिए पहुंचे। दोनों आयोजन स्थलों पर सुबह से ही प्रवेश के लिए युवाओं में होड़ रही। मेरठ में जहां, मिस्टर आईपीएल और देश के पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना ने तो आगरा में किंग्स इलेवन पंजाब की टीम में शामिल रहे क्रिकेटर तजिंदर सिंह ढिल्लन ने युवाओं में जमकर जोश भरा।
लीग के ट्रायल के बाद अब बारी नीलामी की है। ट्रायल से चयनित खिलाड़ी जल्द नीलामी में शामिल होंगे। इन पर लगाई गई बोली के आधार पर फ्रेंचाइजी टीमें चुनेंगी। आईआईएमटी यूनिवर्सिटी स्टेडियम में अपने हीरो की झलक देखने को बेताब युवा सुबह से रैना-रैना के नारों के बीच उनके मुखौटे लगाए नजर आए। आगरा में क्रिकेटर तजिंदर सिंह ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि यह लीग देश को जरूर कुछ बड़े खिलाड़ी देगी।
चयनित खिलाडि़यों के नाम जल्द आएंगे सामने
लीग के ट्रायल 15, 19 और 21 जनवरी को उत्तर प्रदेश के 11 शहरों में आयोजित किये गए। इनमें देशभर से हजारों खिलाड़ियों ने भाग लिया।
हर शहर में दो चरणों में ट्रायल आयोजित हुए। दूसरे चरण में सफल होने वाले खिलाड़ियों के नाम यूपी क्रिकेट संघ और टीबीसीएफआई के चयनकर्ताओं ने तय कर लिए हैं, जिनका खुलासा जल्द ही एलएलसीटेन10 की वेबसाइट पर किया जाएगा।