छह गेंदें 19 रन का लक्ष्य, यह सोचना बेमानी था वेस्टइंडीज हारी हुई बाजी को इंग्लैंड के जबड़े से निकाल लेगा, लेकिन असंभव को हरफनमौला कार्लोस ब्रेथवेट ने संभव कर दिखाया। ब्रेथवेट ने डेथ ओवरों में इंग्लैंड के सबसे सफल गेंदबाज रहे बेन स्टोक्स पर एक के बाद एक चार छक्के जड़े और वेस्टइंडीज ने ईडन गार्डन पर नया इतिहास रच दिया।
वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को चार विकेट से हराकर दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड को जीत लिया। फिर क्या था ईडन गार्डन पर चैंपियंस डांस का जो जश्न शुरू हुआ उसकी यादें लंबे समय तक दिमाग में तरो-ताजा रहने वाली हैं। पहले वेस्टइंडीज की महिलाएं टी- 20 की क्वीन बनीं और उसके बाद पुरुष टीम फटाफट संस्करण की किंग बन गई।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए क्लिक करें।
मारलन सैमुअल्स लंबे समय से क्रीज पर थे और वेस्टइंडीज को 12 गेंदों में 27 रन की जरूरत थी। ईडन गार्डन भी यह मान चुका था कि बाजी वेस्टइंडीज के हाथ से निकल चुकी है। फिर क्रिस जार्डन ने जब 19वें ओवर में सिर्फ छह रन दिए तो वेस्टइंडीज के समक्ष अंतिम ओवर में 19 रन का लक्ष्य आया। जिसे ब्रेथवेट के चमत्कार से हासिल किया जा सका।
वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने जब इंग्लैंड को 155 रन पर रोका। तब भी यही लगा कि वेस्टइंडीज इस लक्ष्य को हासिल कर लेगा। आखिर उसके पास क्रिस गेल, मारलन सैमुअल्स, ड्वेन ब्रावो, आंद्रे रसेल जैसे पुरोधा जो हैं, पर कहा जाता है कि अगर दिन न हो तो बड़े से बड़े पुरोधा भी धरे रह जाते हैं। ठीक यही हुआ।
इओन मॉर्गन ने ऐसा दांव खेला जिसकी कल्पना भी वेस्टइंडीज की ओपनिंग जोड़ी गेल और जॉनसन चार्ल्स ने नहीं की होगी। यह ऐसा दांव था जिसने 1992 के वर्ल्ड कप में मार्टिन क्रो की कप्तानी की याद दिला दी।
मॉर्गन के पास आदिल रशीद और मोइन अली जैसे स्पिनर थे, लेकिन उन्होंने डेविड विली के ओवर के बाद पारी का दूसरा ओवर अपने सबसे सफल बल्लेबाज जो रूट को थमा दिया। चार्ल्स को लगा उनके हाथ लड्डू लग गया है।
रूट को कमतर आंकने की उन्होंने भूल की और पहली गेंद पर छक्का जड़ने का प्रयास किया जो कैच में बदल गया। ओवर की तीसरी गेंद पर गेल ने भी यही गलती और वह भी स्टोक्स के हाथों लपके गए। 11 रन पर तीन विकेट गिर गए थे लेकिन सैमुअल्स ने एक छोर से मोर्चा संभाल लिया।
तीन विकेट पर 37 रन के योग पर सैमुअल्स भी आउट करार दिए गए, लेकिन उनका कैच विकेट कीपर बटलर ने जमीन से लगने के बाद उठाया था। उन्हें वापस बुला लिया गया। अंत में वह 66 गेंदों में 85 रन पर नाबाद लौटे।