फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

RRvSRH: सनराइजर्स की राजस्थान रॉयल्स पर रोमांचक जीत, 152 भी नहीं बना सके रहाणे के योद्धा

Sun, 29 Apr 2018 08:03 PM IST
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन
अपने ऑलराउंड खेल के बूते सनराइजर्स हैदराबाद ने मेजबान राजस्थान रॉयल्स पर 11 रन से रोमांचक जीत दर्ज की। IPL 2018 में सुपरसंडे के पहले मुकाबले में SRH ने गजब का खेल दिखाया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और कप्तान केन विलियमसन (63) की फिफ्टी की मदद से 7 विकेट खोकर 151 रन बनाए। जवाब में राजस्थान रॉयल्स की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 140 रन ही बना सकी। कप्तान अजिंक्य रहाणे ने नाबाद 65 रन की पारी खेली। मगर टीम को जीत नहीं दिला सके। SRH के गेंदबाजों ने गजब का खेल दिखाया। सिद्धार्थ कौल ने सर्वाधिक 2 विकेट तो संदीप शर्मा, बंसिल थम्पी, यूसुफ पठान के साथ-साथ राशिद खान ने भी 1-1 विकेट झटके।
विज्ञापन


152 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही थी। कप्तान रहाणे के साथ ओपन करने आए राहुल त्रिपाठी (4) तीसरे ही ओवर में आउट हो गए, उन्हें तेज गेंदबाज संदीप शर्मा ने क्लीन बोल्ड कर दिया। इसके बाद आए संजू सैमसन ने अजिंक्य रहाणे के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए अहम 59 रन की साझेदारी निभाई। मगर वो अपने अर्धशतक से चूक गए। सैमसन (40) को सिद्धार्थ कौल ने हेल्स के हाथों झिलवाया। अभी टीम के स्कोर पर 1 रन ही जुड़ा था कि अगले ही ओवर में यूसुफ पठान ने बेन स्टोक्स (0) का बड़ा विकेट लिया। आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी स्टोक्स को यूसुफ पठान ने क्लीन बोल्ड कर दिया। अब चौथे विकेट के लिए नए बल्लेबाज जोस बटलर (5) और रहाणे के बीच 23 रन की साझेदारी हो चुकी थी। विकेट की तलाश में SRH ने अपने ट्रंप कार्ड राशिद खान को दोबारा गेंद दी। उम्मीदों पर खरा उतरते हुए राशिद खान ने जोस बटलर को अपने जाल में फंसाते हुए राजस्थान को चौथा झटका दिया। महिपाल भी 11 रन ही बना सके। छठा विकेट के. गौतम का रहा, जिन्होंने 8 रन बनाए।

सनराइजर्स ने ऐसे खड़ा किया 151 का स्कोर

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी SRH ने कप्तान केन विलियम्सन की शानदार अर्धशतकीय पारी के बूते निर्धारित 20 ओवर्स में 6 विकेट खोकर 151 रन बनाए। SRH की ओर से कप्तान केन विलियम्सन (63) और एलेक्स हेल्स (45) के अलावा अन्य कोई भी बल्लेबाज कोई खास प्रदर्शन नहीं कर पाया। राजस्थान के लिए जोफ्रा आर्चर ने 3 विकेट झटके, युवा स्पिनर के. गौतम को 2 तो ईश सोढ़ी और जयदेव उनादकट के हाथ 1-1 सफलता लगी।

SRH की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसका पहला विकेट महज 17 रन पर गिर गया। सलामी बल्लेबाज शिखर धवन 6 रन के निजी स्कोर पर के. गौतम की गेंद पर बोल्ड हो गए। मगर इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे कप्तान केन विलियम्सन(63) ने पारी को न सिर्फ बखूबी संभाला बल्कि एलेक्स हेल्स(45) के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी निभाई। एलेक्स हेल्स को युवा गेंदबाज के गौतम ने अपना दूसरा शिकार बनाया, उन्हें संजू सैमसन ने लपका। अभी टीम इस झटके से संभली ही नहीं थी कि अगले ही ओवर में स्पिनर ईश सोढ़ी ने अपनी न्यूजीलैंड टीम के कप्तान केन विलियम्सन को आउट कर दिया। केन विकेट के पीछे जोस बटलर के हाथों धरे गए।

18वां ओवर जोफ्रा आर्चर लेकर आए, इस तेज गेंदबाज ने SRH की कमर तोड़ कर रख दी। ओवर की पहली ही गेंद पर शकिब अल हसन (6) को शानदार यॉर्कर पर बोल्ड किया तो आखिरी गेंद पर यूसुफ पठान (2) को कुलकर्णी के हाथों झिलवाया। अब मनीष पांडे पर आखिरी ओवर्स में धुआंधार पारी की उम्मीद थी। मगर वो भी फेल साबित हुए। पांडे महज 16 तो राशिद खान 1 रन बनाकर चलते बने। ऋद्धिमान साहा 11 रन बनाकर नाबाद रहे।
विज्ञापन

टीमें इस प्रकार है

दोनों ही टीमों में कुछ बदलाव किए गए थे। SRH ने जहां मोहम्मद नबी की जगह इंग्लिश बल्लेबाज एलेक्स हेल्स अपना IPL डेब्यू किया। दूसरी ओर राजस्थान रॉयल्स के लिए कीवी लेग स्पिनर ईश सोढ़ी ने IPL डेब्यू किया। स्थानीय खिलाड़ी महिपाल लोरमोर भी पहली बार आईपीएल खेले।

टीमें इस प्रकार है:

राजस्थान रॉयल्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), संजू सैमसन, बेन स्टोक्स, जोस बटलर, राहुल त्रिपाठी, धवल कुलकर्णी, के. गौतम, ईश सोढ़ी, महिला लोमरोर, जयदेव उनादकट, जोफ्रा आर्चर।
सनराइजर्स हैदराबाद : रिद्धिमान साहा, शिखर धवन, एलेक्स हेल्स, केन विलियम्सन (कप्तान), मनीष पांडे, शाकिब अल हसन, बासिल थंपी, युसूफ पठान, राशिद खान, सिद्धार्थ कौल, संदीप शर्मा।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें