टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी SRH ने कप्तान केन विलियम्सन की शानदार अर्धशतकीय पारी के बूते निर्धारित 20 ओवर्स में 6 विकेट खोकर 151 रन बनाए। SRH की ओर से कप्तान केन विलियम्सन (63) और एलेक्स हेल्स (45) के अलावा अन्य कोई भी बल्लेबाज कोई खास प्रदर्शन नहीं कर पाया। राजस्थान के लिए जोफ्रा आर्चर ने 3 विकेट झटके, युवा स्पिनर के. गौतम को 2 तो ईश सोढ़ी और जयदेव उनादकट के हाथ 1-1 सफलता लगी।
SRH की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसका पहला विकेट महज 17 रन पर गिर गया। सलामी बल्लेबाज शिखर धवन 6 रन के निजी स्कोर पर के. गौतम की गेंद पर बोल्ड हो गए। मगर इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे कप्तान केन विलियम्सन(63) ने पारी को न सिर्फ बखूबी संभाला बल्कि एलेक्स हेल्स(45) के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी निभाई। एलेक्स हेल्स को युवा गेंदबाज के गौतम ने अपना दूसरा शिकार बनाया, उन्हें संजू सैमसन ने लपका। अभी टीम इस झटके से संभली ही नहीं थी कि अगले ही ओवर में स्पिनर ईश सोढ़ी ने अपनी न्यूजीलैंड टीम के कप्तान केन विलियम्सन को आउट कर दिया। केन विकेट के पीछे जोस बटलर के हाथों धरे गए।
18वां ओवर जोफ्रा आर्चर लेकर आए, इस तेज गेंदबाज ने SRH की कमर तोड़ कर रख दी। ओवर की पहली ही गेंद पर शकिब अल हसन (6) को शानदार यॉर्कर पर बोल्ड किया तो आखिरी गेंद पर यूसुफ पठान (2) को कुलकर्णी के हाथों झिलवाया। अब मनीष पांडे पर आखिरी ओवर्स में धुआंधार पारी की उम्मीद थी। मगर वो भी फेल साबित हुए। पांडे महज 16 तो राशिद खान 1 रन बनाकर चलते बने। ऋद्धिमान साहा 11 रन बनाकर नाबाद रहे।
दोनों ही टीमों में कुछ बदलाव किए गए थे। SRH ने जहां मोहम्मद नबी की जगह इंग्लिश बल्लेबाज एलेक्स हेल्स अपना IPL डेब्यू किया। दूसरी ओर राजस्थान रॉयल्स के लिए कीवी लेग स्पिनर ईश सोढ़ी ने IPL डेब्यू किया। स्थानीय खिलाड़ी महिपाल लोरमोर भी पहली बार आईपीएल खेले।
टीमें इस प्रकार है:
राजस्थान रॉयल्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), संजू सैमसन, बेन स्टोक्स, जोस बटलर, राहुल त्रिपाठी, धवल कुलकर्णी, के. गौतम, ईश सोढ़ी, महिला लोमरोर, जयदेव उनादकट, जोफ्रा आर्चर।
सनराइजर्स हैदराबाद : रिद्धिमान साहा, शिखर धवन, एलेक्स हेल्स, केन विलियम्सन (कप्तान), मनीष पांडे, शाकिब अल हसन, बासिल थंपी, युसूफ पठान, राशिद खान, सिद्धार्थ कौल, संदीप शर्मा।