आईपीएल-8 के 41वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को हराकर जहां उसके एक बार फिर शीर्ष पर आने की उम्मीदों पर पानी डाल दिया वहीं खुद भी इस जीत से टूर्नामेंट में बने रहने की संभावनाओं को जीवित रखा है।
मुंबई में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स की टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 201 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। उसकी ओर से इंग्लैंड के बल्लेबाज इयोन मोर्गन ने धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी की और 28 गेंदों में 4 चौके और 5 छक्के की मदद से 63 रनों की बड़ी पारी खेली। उनके अलावा ओपनर शिखर धवन ने 35 गेंदों में 54 रन बनाए।
जवाब में राजस्थान को बेहतरीन शुरुआत की दरकार थी लेकिन उसकी शुरुआत बहुत खराब रही और एक बार लय बिगड़ जाने के बाद टीम अंत में मैच में वापस लौटती दिखी लेकिन लक्ष्य से 7 रन दूर रह गई। राजस्थान की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 194 रन ही बना सकी।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए क्लिक करें।
इस मैच के बाद राजस्थान रॉयल्स का एक बार फिर शीर्ष स्थान पर आने का
सपना टूट गया। उसके 12 मैचों से अब 14 अंक हैं और टीम दूसरे स्थान बनी हुई
है। जबकि इस जीत से सनराइजर्स के 10 मैचों से 5 जीत हो गए हैं और सातवें
स्थान से ऊपर आते हुए पांचवें पायदान पर पहुंच गई है।
हैदराबाद मिले 202 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की शुरुआत को बड़ा झटका पहले ही ओवर में लगा। राजस्थान का पहला विकेट टूर्नामेंट में औरेंज कैप संभाल रहे अजिंक्य रहाणे (8) के रूप में गिरा। पहला विकेट जल्दी गिरने के बाद कप्तान शेन वॉटसन के साथ स्टीवन स्मिथ ने मोर्चा संभाला। लेकिन इशांत शर्मा की घातक गेंदबाजी के आगे राजस्थान ने अपने कप्तान वॉटसन (12) के रूप में दूसरा विकेट भी खो दिया।
दोहरे झटके के बाद राजस्थान संभलने की कोशिश में ही लगा था कि 8वें ओवर में गेंदबाज हेनरिक ने करुण नायर (4) को आउट कर हैदराबाद को तीसरी सफलता दिलाई। लेकिन एक छोर से टिके स्मिथ ने हार नहीं मानी और ताबड़तोड़ बाउंड्रियां जारी रखी। 11वें ओवर की आखिरी गेंद में दीपक हुडा (7) कैच आउट हुए। इसके बाद बल्लेबाजी करने पहुंचे जेम्स फॉकनर के साथ स्मिथ ने तेज खेलना शुरू किया।
इस बीच स्मिथ ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपनी फिफ्टी पूरी की। वह टीम को जीत की ओर से ले जाने में प्रयासरत थे लेकिन 15वें ओवर में रवि बोपारा की गुगली में वह (68) फंस गए और बोल्ड हो गए। उनके साथ ही टीम की जीतने की आखिरी उम्मीद भी टूट गई। 18वें ओवर में फॉकनर (30) और संजू सैमसन (21) भी चलते बने। 19वें ओवर में प्रवीन कुमार की 3 गेदों में क्रिस मौरेस (नाबाद 34) ने लगातार 3 छक्के लगाकर एक बार हैदराबाद के चेहरे पर शिकन जरुर पैदा की। लेकिन अंत में हैदराबाद ने ही बाजी मारी।