वेलिंगटन में खेले गए वर्ल्ड कप के पूल-ए के एक मुकाबले में जोए रुट के शतक पर श्रीलंका के दो शतक भारी पड़ गए और 310 रनों के विशाल लक्ष्य को 16 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।
बड़े लक्ष्य के जवाब में श्रीलंका को गजब की शुरुआत मिली और उसने दो शतकीय पारियों की बदौलत इंग्लैंड को 47.2 ओवर में ही एक विकेट खोकर 310 रनों के लक्ष्य को हासिल कर लिया। ओपनर लाहिरू थिरिमने (139) ने कुमार संगकारा (117) के साथ दूसरे विकेट के लिए 212 रनों की अविजित मैच जीताऊ साझेदारी की। इससे पूर्व पहले विकेट के लिए दिलशान तिलकरत्ने (44) लाहिरू थिरिमने के साथ 100 रनों की साझेदारी करने के बाद आउट हो गए। यह एकमात्र सफलता मोइन अली को मिली थी।
लाहिरू के शतक के बाद कुमार संगकारा ने जोरदार बल्लेबाजी करते हुए अपने 401वें मैच में महज 70 गेंदों में अपना शतक ठोंक दिया। इससे पहले वाले मैच में उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ 73 गेंदों में शतक लगाया था। यह उनके करियर का 39वां शतक है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लेने के बाद मध्य क्रम के बल्लेबाज जोई रुट (121) के शतक के दम पर इंग्लैंड 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 309 रन बनाने में सफल रहा। रुट ने 108 गेंदों में 14 चौके और 2 छक्के जमाए। उनके अलावा इयान बेल ने 49 रन बनाए।
मोइन अली (15) और इयान बेल (49) ने इंग्लैंड को सधी शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी निभाई। इसके बाद गैरी बालेंस (6), कप्तान इयोन मोर्गन (27), जेम्स टेलर (25) और जोस बटलर (नाबाद 39) ने छोटा-छोटा योगदान दिया। इंग्लैंड की ओर से सबसे बड़ी साझेदारी रुट और टेलर के बीच पांचवें विकेट के लिए हुई जिसमें दोनों ने 98 रन बनाए। अंतिम 3.3 ओवर में तेजी से बल्लेबाजी करते हुए बटलर और क्रिस वोग्स (9) ने 44 रनों की साझेदारी की।
श्रीलंका की ओर से सुरंगा लकमल, कप्तान एंजेलो मैथ्यूज और दिलशान तिलकरत्ने समेत 6 गेंदबाजों को एक-एक सफलता मिली।
पूल-ए में मेजबान न्यूजीलैंड का वर्ल्ड कप में अब तक बेहद शानदार प्रदर्शन रहा है और अपने खेले सभी चारों मैचों में जोरदार जीत हासिल की है। पूल-ए में न्यूजीलैंड छह अंक लेकर अंकतालिका में शीर्ष स्थान पर बना हुआ है।