टॉस हारकर पाकिस्तान के 8/348 के जवाब में इंग्लैंड को पहला झटका जेसन रॉय (8) के रूप में लगा। 2.1 ओवर में शादाब खान की फिरकी पर रॉय पगबाधा आउट करार दिए गए। डीआरएस लेने के बाद भी फैसला उनके खिलाफ ही रहा। अपने सलामी जोड़ीदार को खोने के बाद जॉनी बेयरस्टो ने एक छोर संभाले रखा, लेकिन 8.6 ओवर में जब टीम का स्कोर 60 रन ही था तब वह भी चलते बने।
जॉनी बेयरस्टो (31 गेंदों में 32 रन) को वहाब रियाज ने विकेट के पीछे सरफराज अहमद के हाथों लपकवाया। इसके बाद मोहम्मद हफीज ने इंग्लिश कप्तान इयोन मॉर्गन (9) को अपनी फिरकी में फंसाते हुए इंग्लिश टीम को 86 के स्कोर पर तीसरा झटका दिया।
स्कोरबोर्ड में अभी 32 रन भी नहीं जुड़े थे कि शोएब मलिक ने इंग्लैंड को चौथा झटका दे दिया। बेन स्टोक्स 18 गेंदों पर 13 रन बनाकर विकेट के पीछे सरफराज ने उन्हें कैच किया। इसके बाद जोए रूट (86) ने नए बल्लेबाज जोस बटलर के साथ मिलकर पांचवें विकेट की साझेदारी की। इस बीच उन्होंने इस विश्व कप का पहला शतक भी जड़ा।
यहां से इंग्लैंड टीम मैच में शिकंजा कसते नजर आ ही रही थी तभी शादाब खान ने रूट को 104 के स्कोर पर चलता कर मैच में पाकिस्तान की वापसी करवा दी।
रूट के आउट होने के बाद बटलर ने मोइन अली के साथ इंग्लैंड की पारी को आगे बढ़ाया और रनों की रफ्तार को बरकरार रखा। बटलर ने चौके के साथ मात्र 74 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।
शतक के बाद तेजी से रन बनाने के चक्कर में बटलर आमिर की स्लोवर गेंद शिकार हो गए। वहाब रियाज को आसान सा केच देने से पहले बटलर ने 76 गेंदों में 9 चौके और 2 छक्के की मदद से 103 रन बनाए।
पाकिस्तान की ओर से बाबर आजम (63), मोहम्मद हफीज (84) और कप्तान सरफराज अहमद (55) ने अर्धशतक जमाया। इंग्लैंड की ओर से स्पिनर मोइन अली और पेसर क्रिस वोक्स ने 3-3 विकेट निकाले। मार्क वुड ने भी 2 विकेट चटकाए।
मोहम्मद हफीज और बाबर आजम
- फोटो : सोशल मीडिया
आज पाकिस्तानी सलामी बल्लेबाजों ने टीम को जोरदार शुरुआत दिलाई। पिछले मैच से सबक लेते हुए बाउंसर्स और शॉर्ट पिच गेंदों का बखूबी सामना किया। फखर जमां (36) और इमाम-उल-हक (44) के बीच 14 ओवर्स में 82 रन की साझेदारी हो चुकी थी। तभी मोइन अली ने अपनी फिरकी में फंसाते हुए एक के बाद एक दोनों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। 15वें ओवर में फखर स्टंपिंग हुए तो 21वें इमाम कैच आउट।
यहां से तीसरे विकेट के लिए बाबर आजम और मोहम्मद हफीज के बीच 88 रन की अहम साझेदारी हुई। इस बीच बेहतरीन फॉर्म में चल रहे बाबर ने अपना अर्धशतक पूरा किया। 65 बॉल में 63 रन बनाकर वह तेजी से रन जुटाने में लगे हुए थे तभी एक बार फिर मोइन अली ने कमाल दिखाया। बाबर को भी वोक्स के हाथों पवेलियन लौटाया। फिर बल्लेबाजी करने आए कप्तान सरफराज अहमद और हफीज ने स्कोरबोर्ड बढ़ाए रखा।
चौथे विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी हुई। 61 गेंदों में ताबड़तोड़ 84 रन बनाकर हफीज अपने शतक की ओर तेजी से बढ़ रहे थे, तभी मार्क वुड ने एकबार फिर वोक्स के हाथों उनका खेल खत्म किया। 42.4 में हफीज के रूप में चौथा विकेट गिरने के बाद कप्तान सरफराज (44 गेंदों में 55 रन) ने तेज गति से रन बनाते हुए न सिर्फ अपना अर्धशतक पूरा किया बल्कि आसिफ अली (14) और शोएब मलिक (8) के साथ मिलकर टीम को 350 के नजदीक ले गए।
अंतिम ओवर्स में इंग्लैंड ने वापसी करने की जरूर कोशिश की, लेकिन पाकिस्तान को निर्धारित 50 ओवर्स में 348 रन बनाने से नहीं रोक पाए।
इसके पहले आज दोनों ही टीम में अहम बदलाव किए गए। इंग्लैंड ने जहां लियाम प्लंकेट की जगह मार्क वुड को टीम में शामिल किया गया है तो पाकिस्तानी टीम में भी दो बदलाव किए गए हैं। अनुभवी बल्लेबाज शोएब मलिक और आसिफ अली को प्लेइंग XI में जगह दी गई है।
इंग्लैंडः जेसन रॉय, जॉनी बेयरस्टो, जो रूट, इयोन मॉर्गन (कप्तान), बेन स्टोक्स, जोस बटलर, मोइन अली, क्रिस वोक्स, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, मार्क वुड।
पाकिस्तान: फखर जमान, इमाम-उल-हक, बाबर आजम, सरफराज अहमद (कप्तान व विकेटकीपर), आसिफ अली, मोहम्मद हफीज, हसन अली, मोहम्मद आमिर, शादाब खान, शोएब मलिक और वहाब रियाज।