विराट ने आज अपने करियर का 37वां शतक जमाया। इस पारी के दौरान उन्होंने सचिन तेंदुलकर के तीन रिकॉर्ड्स तोड़े।
कोहली ने 129 गेंदों में नाबाद 157 रन बनाए जबकि अंबाती रायुडू ने 80 गेंद में 73 रन की पारी खेली। कोहली ने अपनी पारी में 13 चौके और चार छक्के जड़े।
कोहली और रायुडू ने तीसरे विकेट के लिये 142 गेंद में 139 रन जोड़े। कोहली ने 10000 रन पूरे होने पर बल्ला उठाकर दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया।
कोहली ने जब मर्लोन सैमुअल्स को चौका जड़कर अपना 37वां वनडे शतक पूरा किया तो भी दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया।
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ओबेद मैकॉय को छक्का लगाकर उन्होंने इस कैलेंडर वर्ष में 1000 वनडे रन पूरे किए और ऐसा उन्होंने सिर्फ 11 पारियों में किया जो एक रिकॉर्ड है।
इसके बाद उन्होंने मैकॉय को ही लॉन्ग ऑन पर एक और छक्का लगाया जबकि अगले ओवर में रोच को छक्का और दो चौके लगाकर टीम को 300 रन के पार पहुंचाया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने वाली भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही जब पिछले मैच में शतक जमाने वाले रोहित शर्मा (चार) को चौथे ओवर में रोच ने पवेलियन भेजा।
रोच की आउटसाइड ऑफ स्टंप गेंद को कट करने की फिराक में रोहित अपना कैच सीधे हेटमेयर को थमा बैठे।
आउट होने से पहले उन्होंने आठ गेंदों में चार रन बनाए।
इसके बाद दूसरे विकेट के तौर पर शिखर धवन (29) भी कुछ खास नहीं कर पाए। नौवें ओवर में उनके खिलाफ लेग बिफोर की जोरदार अपील हुई, जिसे अंपायर ने ठुकरा दिया था।
स्पिनर नर्स और कप्तान होल्डर ने रीव्यू लेने में एक पल नहीं गंवाया, जिसके बाद उन्हें अपना विकेट गंवाना पड़ा। आउट होने से पहले गब्बर ने चार चौके और एक छक्के की मदद से 30 गेंदों पर 29 रन बनाए।
इसके बाद कोहली मैदान पर उतरे। शिखर धवन ने 30 गेंदों में 29 रन की अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया। वह एश्ले नर्स की गेंद पर पगबाधा आउट हुए। नौंवे ओवर में भारत का स्कोर दो विकेट पर 40 रन था।
कोहली को मिडआफ पर कैरेबियाई कप्तान जैसन होल्डर ने जीवनदान दिया। इसके अलावा उनकी पूरी पारी बेदाग रही। दूसरे छोर से रायुडू ने उनका पूरा साथ दिया।
दर्शकों के चहेते महेंद्र सिंह धोनी 20 रन बनाकर मैकाय की गेंद पर बोल्ड हुए। ऋषभ पंत ने 13 गेंद में 17 रन बनाए।
इसके पहले इस मुकाबले में भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। टीम में एक बदलाव किया गया। खलील अहमद की जगह कुलदीप यादव को टीम में मौका दिया गया है। यानी भारतीय टीम रवींद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव के रूप में तीन स्पिनर्स के साथ मैदान पर उतरी है।
तेज गेंदबाजी का मोर्चा उमेश यादव और मोहम्मद शमी संभालेंगे।
दूसरी ओर वेस्टइंडीज ने भी अपनी टीम में एक बदलाव किया है। थॉमस की जगह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ओबेड मैकॉय को डेब्यू का मौका दिया गया है।
भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, अंबाती रायुडू, एमएस धोनी, ऋषभ पंत, रविंद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, उमेश यादव
वेस्टइंडीज: कीरोन पॉवेल, चंद्रपॉल हेमराज, शाई होप, मर्लोन सैमुअल्स, शिमरोन हेटमेयर, आर पॉवेल, जैसन होल्डर (कप्तान), एशले नर्स, देवेंद्र बिशू, केमार रोच, मैकॉय