टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय कप्तान ने टॉस जीता और बल्लेबाजी चुनी। टेस्ट करियर में पहली बार पारी ओपन करने आए रोहित शर्मा ने शानदार शतक जड़ा और उनका बखूबी साथ निभाया मयंक अग्रवाल ने। पहले दिन भारतीय टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए 59.1 ओवरों में 202 रन स्कोर बोर्ड पर लगा दिए। पहले टेस्ट का पहला दिन खराब मौसम की वजह से जल्द ही समाप्त हो गया।
विशाखापट्टनम टेस्ट के दूसरे दिन टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल और रोहित शर्मा ने एकबार फिर अफ्रीकी गेंदबाजों को परेशान किया। मंयक अग्रवाल ने पहले सत्र में शतक जड़ा और फिर धमाकेदार खेल दिखाते हुए उसे दोहरे शतक में तब्दील कर दिया।
मयंक-रोहित की जोड़ी ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी का रिकॉर्ड अपने नाम किया। 317 रन की ओपनिंग साझेदारी करते हुए राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग का 11 साल पुराना बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा। सहवाग-गंभीर ने साल 2008 में खेले गए चेन्नई टेस्ट मैच में 268 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप का रिकॉर्ड बनाया था। भारतीय टीम ने खेल के दूसरे दिन 502/7 पर पहली पारी घोषित की।
भारत के पारी घोषित करने के बाद अपनी पहली पारी में बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम की शुरुआत बेहद ही खराब रही और 39 रन पर तीन विकेट गंवा दिया। शुरुआती विकेट गिरने के बाद तीसरे दिन डीन एल्गर और कप्तान फाफ डूप्लेसिस ने पारी को संभाला। एल्गर ने 160 रन बनाए वहीं डूप्लेसिस ने भी 55 रन की पारी खेली।
भारत में अपना पहला टेस्ट खेल रहे क्विंटन डीकॉक ने भी दो जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए 111 रन की पारी खेल डाली। तीनों की पारी की मदद से मेहमान टीम ने अपनी पहली पारी में 431 रन बनाए, लेकिन भारतीय टीम के पहली पारी के स्कोर 502 से 71 रन पीछे ही रही। अश्विन ने सात विकेट चटकाकर अफ्रीकी पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई।
71 रन के बढ़त के साथ अपनी दूसरी पारी की खलने उतरी भारतीय टीम को पहला झटका जल्दी ही लगा पहली पारी में दोहरा शतक लगाने वाले मयंक अग्रवाल सात रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन रोहित ने दूसरी पारी में भी शानदार शतक ठोक दिया।
रोहित शर्मा और चेतेश्वर पुजारा के बीच 169 रन की साझेदारी निभाई। कप्तान विराट कोहली ने 323/4 पर दूसरी पारी घोषित कर दी। दूसरी पारी में रोहित शर्मा 127, पुजारा ने 81 रन बनाए और रवींद्र जडेजा ने तेजी से 40 रन बनाए।