श्रीलंका के 232 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ही ओवर में लसिथ मलिंगा ने खतरनाक जॉनी बेयरस्टो को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। टीम इस झटके से उबरी ही नहीं थी कि सातवें ओवर में मलिंगा ने एक बार फिर अपना कमाल दिखाया। इस बार उनका शिकार दूसरे इंग्लिश सलामी बल्लेबाज जेम्स विंस (14) हुए।
तीसरे विकेट के लिए कप्तान इयोन मॉर्गन ने जोए रूट के साथ मिलकर टीम को संभाला। तीसरे विकेट के लिए दोनों के बीच 47 रन की साझेदारी हुई। हालांकि 19वें ओवर की चौथी गेंद पर उडाना ने मोर्गन का अपनी ही गेंद पर कैच पकड़कर उन्हें पवेलियन की राह दिखाई। आउट होने से पहले मोर्गन ने 35 गेंदों में 21 रन बनाए।
कप्तान मोर्गन के आउट होने के बाद रूट और बेन स्टोक्स ने पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिए 54 रनों की साझेदारी की। इस दौरान जो रूट ने अपना अर्धशतक भी पूरा किया लेकिन 31वे ओवर की तीसरी गेंद पर एक बार फिर से मलिंगा ने वापसी करते हुए रूट को पवेलियन भेजा।
127 रन पर चार विकेट गिरने के बाद स्टोक्स और बटलर ने साझेदारी बनानी शुरू की इससे पहले ही मलिंगा ने एक बार फिर से 33वें ओवर की तीसरी गेंद पर बटलर को एलबीडब्ल्यू आउट कर इंग्लैंड को पांचवां झटका दे दिया।
बटलर के आउट होने के बाद इंग्लैंड के विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया और श्रीलंका के ऑफ स्पिनर डी सिल्वा द्वारा मोइन अली, क्रिस वोक्स और आदिल रशीद की विकेट झटकने की बाद रही-सही कसर भी पूरी हो गई और श्रीलंका ने मैच अपने नाम कर लिया।
इंग्लैंड की तरफ से बेन स्टोक्स 89 गेंदों में 82 रन बनाकर नाबाद रहे।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। महज 3 रन के भीतर लंकाई टीम ने अपने दोनों सलामी बल्लेबाज गंवा दिए। मैच के तीसरे ओवर में ही जोफ्रा आर्चर ने श्रीलंका को पहला झटका दिया। कप्तान दिमुथ करुणारत्ने 8 गेंदों में 1 रन बनाकर बटलर के हाथों लपके गए। टीम अभी इस झटके से उबरी ही नहीं थी कि अगले ओवर की दूसरी ही गेंद पर एक और विकेट गिर गया। क्रिस वोक्स ने कुसल परेरा (2) को मोईन अली के हाथों झिलवाया।
मार्क वुड ने 12वें ओवर की पांचवी गेंद पर अविष्का फर्नांडो (49) को आदिल रशिद के हाथों कैच कराकर श्रीलंका को तीसरा झटका दिया। इसके बाद चौथे विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी हुई, जो श्रीलंकाई पारी की सबसे बड़ी पार्टनरशिप थी। इस पार्टनरशिप को आदिल रशीद ने 30वें ओवर में लगातार दो झटके देकर तोड़ा।
लगातार झटकों से दहली श्रीलंका को अंत तक अनुभवी खिलाड़ी एंजेलो मैथ्यूज का साथ मिला। उन्होंने आखिरी गेंद तक क्रीज पर समय गुजारा। इस दौरान धनंय डी सिल्वा के साथ एक अर्धशतकीय साझेदारी भी की।
इंग्लैंड: इयोन मोर्गन (कप्तान), मोइन अली, जोफ्रा आर्चर, जॉनी बेयरस्टो, जोस बटलर (विकेटकीपर), टॉम कुरेन, लियाम डॉसन, लियाम प्लंकेट, आदिल राशिद, जो रूट, जेसन रॉय, बेन स्टोक्स, जेम्स विंस, क्रिस वोक्स, मार्क वुड
श्रीलंका: दिमुथ करुणारत्ने (कप्तान), धनंजय डिसिल्वा, नुवान प्रदीप, अविष्का फर्नांडो, सुरंगा लकमल, लसिथ मलिंगा, एंजेलो मैथ्यूज, कुसाल मेंडिस, जीवन मेंडिस, कुसल परेरा, तिसारा परेरा, मिलिंडा श्रीवर्धना, लाहिरु थिरिमाने, इसुरू उदाना और जेफ्री वंडारसे