तीन टी-20 मैच की सीरीज के दूसरे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत ठीक-ठाक रही और पहले विकेट के लिए कप्तान क्विंटन डि कॉक और रीजा हेंड्रिक्स के बीच 31 रनों की साझेदारी हुई। चौथे ओवर में दीपक चहर ने साउथ अफ्रीका को पहला झटका दिया। चहर ने हेंड्रिक्स को वॉशिंगटन सुंदर के हाथों कैच आउट करा कर पवेलियन लौटा दिया। हेंड्रिक्स 6 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद क्रीज पर आए तेम्बा बावुमा ने स्कोरबोर्ड थमने नहीं दिया। पहले कप्तान डीकॉक के साथ मिलकर उन्होंने 57 रन की साझेदारी की। डीकॉक ने 37 गेंदों में ताबड़तोड़ 52 रन ठोक दिए। बतौर कप्तान यह उनका पहला अर्धशतक था। मगर 12वें ओवर में नवदीप सैनी की गेंद पर विराट ने एक बेहतरीन कैच लपकते हुए उन्हें चलता किया।
दक्षिण अफ्रीकी टीम इस झटके से उबरी ही नहीं थी कि अगले ही ओवर में जडेजा ने वान डेर डुसेन (1) को सस्ते में निपटा दिया। फिर बावुमा (49) को आउट करते हुए दीपक चहर ने अपना दूसरा विकेट निकाला। डेविड मिलर को बोल्ड करते हुए हार्दिक पंड्या ने साउथ अफ्रीका को पांचवां झटका दे दिया। डेविड मिलर 18 रन बनाकर आउट हुए।
इसके पहले भारतीय कप्तान ने इस मैच में केएल राहुल, खलील अहमद, राहुल चहर और मनीष पांडे को आराम दिया है। दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका की टीम में तीन खिलाड़ियों ने डेब्यू किया है।
भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, क्रुणाल पंड्या, वाशिंगटन सुंदर, दीपक चाहर और नवदीप सैनी।
दक्षिण अफ्रीका: क्विंटन डीकॉक (कप्तान), रेसी वान डेर डुसेन, आर हेन्ड्रिक्स, टी बावुमा, आरवैन डेर डुसेन, डेविड मिलर, ड्वेन प्रिटोरियस, एंडिले फेहलुकवेओ, बी फोर्टुइन, के रबाडा, एनरिच नॉर्टजे, तबरेज शम्सी