मयंक अग्रवाल-रोहित शर्मा
- फोटो : सोशल मीडिया
सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल (215) और रोहित शर्मा (176) के दमदार खेल के बूते भारत ने पहले टेस्ट की पहली पारी सात विकेट के नुकसान पर 502 रन बनाए। यह 14वां मौका होगा, जब भारतीय टीम ने टेस्ट क्रिकेट में 500+ का स्कोर बनाया हो।
317 रन के स्कोर पर भारत को पहला झटका लगा। रोहित शर्मा दोहरे शतक से चूक गए और 176 रन के निजी स्कोर पर आउट हुए। रोहित ने मयंक के साथ पहले विकेट के लिए 317 रन की साझेदारी की। यह भारत के लिए टेस्ट में पहले विकेट के लिए तीसरी सबसे बड़ी और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सबसे बड़ी साझेदारी है।
पुजारा 17 गेंदों का सामना कर सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद कप्तान विराट कोहली भी 20 रन बनाकर आउट हो गए। नए बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। एक ओर से विकेट गिरते जा रहे थे, लेकिन दूसरा छोर मयंक अग्रवाल संभाले हुए थे। अपनी पहली टेस्ट सेंचुरी को दोहरे शतक में बदलते हुए मयंक अग्रवाल ने जमकर सुर्खियां बटोरी।
जल्द ही 215 रन के स्कोर पर मयंक के रूप में भारत को पांचवां झटका लगा। इस वक्त तक टीम का स्कोर 436 रन हो चुका था। जल्द ही हनुमा विहारी (10) और लंबे समय बाद टीम में वापसी कर रहे ऋधिमान साहा (21) भी चलते बने। यहां से भारतीय कप्तान कोहली मानसिक तौर पर पारी घोषित करने को तैयार हो चुके थे। जैसे ही टीम का स्कोर 500 रन के पार पहुंचा टीम इंडिया ने अपनी पारी घोषित करने का एलान कर दिया। रवींद्र जडेजा (30) और रविचंद्रन अश्विन (1) नाबाद रहे। दक्षिण अफ्रीका की ओर से स्पिनर केशव महाराज ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए। वर्नोन फिलेंडर, सेनुरन मुथुसामी और डेन पीट को 1-1 विकेट से संतोष करना पड़ा।
मयंक अग्रवाल ने अपने टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक जड़ा। इस दौरान उन्होंने 22 चौके और 5 छक्के लगाए। भारतीय सरजमीं पर अपना पहला टेस्ट खेल रहे मयंक अग्रवाल ने इससे पहले अपना शतक 204 गेंदों में पूरा किया था, जिसे उन्होंने अपने दोहरे शतक में बदल दिया।
INDvSA: रोहित शर्मा-मयंक अग्रवाल की जोड़ी का एक और कमाल, तोड़ा सहवाग-गंभीर का 15 साल पुराना रिकॉर्ड
पिछले साल दिसंबर में मेलबर्न में टेस्ट डेब्यू करने वाले मयंक का भारतीय सरजमीं पर पहला टेस्ट मैच है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उस मैच में कर्नाटक से आने वाले बल्लेबाज ने शानदार 76 रन की पारी खेली थी। इसके बाद भी उनके बल्ले से अर्धशतक निकले, लेकिन वह उसे शतक में नहीं बदल सके। मयंक अग्रवाल इससे पहले तीन अर्धशतक जड़ चुके हैं। अपने डेब्यू मैच में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 76 रन की पारी खेली थी। वहीं, दूसरे मैच में भी मयंक अग्रवाल 77 रन बनाकर आउट हुए थे।
भारतीय टीम को पहला झटका 317 रन के स्कोर पर लगा। रोहित शर्मा दोहरे शतक से चूक गए और 176 रन के निजी स्कोर पर आउट हुए। लंच से ठीक पहले 81वें ओवर की आखिरी गेंद पर महाराज ने दक्षिण अफ्रीकी टीम को पहली सफलता दिलाई। महराज की गेंद को ड्राइव करने के लिए रोहित शर्मा क्रीज से बाहर निकले, लेकिन गेंद ने टर्न से रोहित को छकाया और सीधे विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक के दस्तानों में चली गई और जब तक रोहिक क्रीज में लौटते डीकॉक गिल्लियां बिखेर चुके थे।