लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने दूसरे ही ओवर में शिखर धवन का विकेट गंवा दिया। धवन को 3 रन के स्कोर पर थॉमस ने कॉटरेल के हाथों कैच करवाया।
इसके बाद सीरीज का अपना पहला मैच कल रहे केएल राहुल ने शुरू में अच्छा खेल दिखाया लेकिन बड़ी पारी खेलने से पहले एलेन का शिकार हो गए। राहुल ने आउट होने से पहले 18 गेंदों में 20 रन बनाए।
हालांकि दोनों के आउट होने के बाद कप्तान विराट कोहली और विकेटकीपर ऋषभ पंत ने टीम को संभाला और अपने-अपने अर्धशतक भी पूरे किए। विराट ने आउट होने से पहले 45 गेंदों में 59 रन की पारी खेली। वहीं पंत आखिरी तक टिके रहे और 42 गेंदों में 65 रन बनाकर नाबाद रहे।
टॉस के दौरान दोनों कप्तान
- फोटो : सोशल मीडिया
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कैरेबियाई टीम ने छह विकेट के नुकसान पर 146 रन बनाए। वेस्टइंडीज के लिए कीरोन पोलार्ड ने 45 गेंदों में 58 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। रोवमन पॉवेल तेज 32 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत के लिए पेसर दीपक चाहर ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए, नवदीप सैनी के खाते में दो विकेट आए।
लगातार तीसरा टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने आई टीम इंडिया के तेज गेंदबाजों ने अपने कप्तान का फैसला उस वक्त सही साबित कर दिया, जब चार ओवर के भीतर ही तीन कैरेबियाई बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। पेसर दीपक चाहर ने घातक गेंदबाजी करते हुए क्रमश: सुनील नरेन (2), एविन लुईस (10) और शिमरोन हेटमेयर (1) को निपटाया।
14वें ओवर में नवदीप सैनी ने निकोसल पूरन (17) को विकेटकीपर ऋषभ पंत से कैच कराकर भारत को चौथी कामयाबी दिलाई। 15वें ओवर में पोलार्ड ने पंड्या को छक्का लगाकर अर्धशतक पूरा किया, उन्होंने इस दौरान 40 गेंदों का सामना करके एक चौका और पांच छक्के लगाए। 15 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर 4 विकेट खोकर 100 रन था।
पोलार्ड की धमाकेदार पारी (58 रन, 45 गेंद, एक चौका और छह छक्के) का अंत आखिरकार नवदीप सैनी ने बोल्ड करके किया। 18वें ओवर में राहुल चाहर ने कार्लोस ब्रैथवेट (10) को वाशिंगटन सुंदर से कैच कराकर अपना पहला इंटरनेशनल विकेट लिया।
भारत: विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, लोकेश राहुल, मनीष पांडेय, ऋषभ पंत, क्रुणाल पंड्या, वॉशिंगटन सुंदर, राहुल चाहर, भुवनेश्वर कुमार, दीपक चाहर, नवदीप सैनी।
वेस्टइंडीज: कार्लोस ब्रैथवेट (कप्तान), सुनील नरेन, कीमो पॉल, फैबिएन एलेन, कीरोन पोलार्ड, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), रोवमन पॉवेल, ओशेन थॉमस, शेल्डन कॉटरेल, शिमरॉन हेटमायर, इविन लुइस।