रोहित शर्मा (125) के बेहतरीन शतक की बदौलत टीम इंडिया ने रविवार को नागपुर में ऑस्ट्रेलिया को पांचवें व अंतिम वन-डे में 7 विकेट से हरा दिया। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 242 रन बनाए। जवाब में टीम इंडिया ने 43 गेंदे शेष रहते तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। मेजबान टीम ने 42.5 ओवर में तीन विकेट पर 243 रन बनाए। केदार जाधव 5* और मनीष पांडे 11* रन बनाकर पवेलियन लौटे।
विज्ञापन
इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने पांच मैचों की सीरीज 4-1 से अपने नाम की। विराट कोहली के नेतृत्व वाली टीम इंडिया आईसीसी की वन-डे रैंकिंग में भी नंबर-1 बन गई है।
India have secured the No.1 spot in the @MRFWorldwide ODI Team Rankings! #INDvAUS
More: https://t.co/zfhmNkdBpC pic.twitter.com/AmXsaJLZpr
— ICC (@ICC) October 1, 2017
ये भी पढ़ें: गांगुली -विराट को पीछे छोड़ हिटमैन रोहित ने अपने नाम किया एक और रिकॉर्ड...
इसी के साथ टीम इंडिया ने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वन-डे सीरीज में मिली 1-4 की शिकस्त का बदला भी ले लिया। मैच में 109 गेंदों में 11 चौको और 5 छक्को की मदद से 125 रन की पारी खेलने वाले 'हिटमैन' रोहित शर्मा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। पांच मैचों में 222 रन और 6 विकेट लेने वाले हार्दिक पांड्या को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।
विज्ञापन
अब टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेली जाएगी, जिसका पहला मैच 7 अक्टूबर को रांची में खेला जाएगा।
टीम इंडिया ने आसानी से जीता मैच
रोहित शर्मा
243 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को रोहित शर्मा (125) और अजिंक्य रहाणे (61) ने 124 रन की साझेदारी करके शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने मौजूदा सीरीज में तीसरी बार शतकीय साझेदारी की। कोल्टर नाइल ने रहाणे को LBW आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा। रहाणे ने 74 गेंदों में 7 चौको की मदद से 61 रन बनाए।
इसके बाद रोहित ने कप्तान विराट कोहली (39) के साथ दूसरे विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी की। इस दौरान रोहित ने कोल्टर नाइल द्वारा किए पारी के 35वें ओवर की आखिरी गेंद पर मिडविकेट के ऊपर से छक्का जड़कर अपने वन-डे करियर का 14वां शतक जमाया। उन्होंने 94 गेंदों में 10 चौके और तीन छक्को की मदद से सैकड़ा पूरा किया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ छठा शतक जड़ा। रोहित और विराट ने टीम इंडिया को जीत के बेहद करीब पहुंचा दिया था।
ऑस्ट्रेलिया के लेग स्पिनर एडम जम्पा ने फिर एक ही ओवर में रोहित और कोहली को आउट कर दिया। उन्होंने 40वें ओवर की पहली गेंद पर रोहित को मिडविकेट में कोल्टर नाइल के हाथों कैच आउट कराया। फिर चौथी गेंद पर कप्तान कोहली को लांगऑफ पर मार्कस स्टोइनिस के हाथों झिलवाया।
इसके बाद केदार जाधव और मनीष पांडे ने टीम को जीत दिलाई। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से एडम जम्पा ने दो जबकि नाथन कोल्टर नाइल ने एक विकेट लिया।
रोहित ने लगाईं रिकॉर्ड्स की झड़ी
रोहित शर्मा
- फोटो : twitter
रोहित शर्मा पूरी पारी में छाए रहे। उन्होंने एकसाथ कई रिकॉर्ड्स बनाए। रोहित शर्मा ने जैसे ही 92 रन पूरे किए, वैसे ही उन्होंने अपने वन-डे करियर के 6,000 रन पूरे किए। भारतीय बल्लेबाजों में पारी के हिसाब से सबसे तेज 6,000 रन पूरे करने के मामले में रोहित तीसरे स्थान पर है।
उन्होंने 162वीं पारी में ये उपलब्धि हासिल की जबकि विराट कोहली ने 136वीं और गांगुली ने 147वीं पारी में यह आंकड़ा छुआ था। धोनी इस मामले में चौथे नंबर पर हैं, जिन्होंने 167वीं पारी में छह हजार रन पूरे किए थे।
ये भी पढ़ें: 'हिटमैन' रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बनाया नया वर्ल्ड रिकॉर्ड
भारतीय जमीन पर सबसे तेज 2,000 वन-डे रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज रोहित शर्मा। रोहित से पहले ये रिकॉर्ड टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के नाम दर्ज था। सौरव ने भारतीय सरजमीं पर 2 हजार रन 45 पारियों में पूरे किए थे वहीं टीम इंडिया के मौजूदा कप्तान विराट कोहली ने 46 पारियों में ये कारनामा किया था। अपनी इस पारी के दौरान रोहित शर्मा 9 चौके जड़ते ही भारतीय सरजमीं पर 200 चौके पूरे किए।
अक्षर पटेल के सामने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने घुटने टेके
अक्षर पटेल
- फोटो : twitter
ऑस्ट्रेलियाई टीम को ओपनर आरोन फिंच (32) और डेविड वार्नर (53) ने 66 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत दिलाई। पांड्या ने फिंच को बुमराह के हाथों कैच आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। यहां से टीम इंडिया के गेंदबाजों ने धावा बोल दिया।
केदार जाधव ने स्टीव स्मिथ (16) को LBW आउट किया। डेविड वार्नर ने अर्धशतक पूरा किया, लेकिन अक्षर पटेल ने उन्हें मनीष पांडे के हाथों कैच आउट कराकर ऑस्ट्रेलिया को तगड़ा झटका दिया। वार्नर ने 5 चौकों की मदद से 62 गेंदों में 53 रन बनाए।
ये भी पढ़ें: Video: जसप्रीत बुमराह ने छोड़ते-छोड़ते पकड़ ही लिया फिंच का कैच
पीटर हैंड्सकोंब (13) को अक्षर पटेल ने अजिंक्य रहाणे के हाथों की शोभा बनाया। इसके बाद मार्कस स्टोइनिस (46) और ट्रेविस हेड (42) ने पांचवें विकेट के लिए 87 रनों की साझेदारी करके टीम को सँभालने का प्रयास किया, लेकिन अक्षर ने हेड को आउट करके टीम इंडिया की जोरदार वापसी कराई।
फिर बुमराह ने स्टोइनिस को LBW आउट किया। भारत की ओर से अक्षर पटेल ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह ने दो जबकि हार्दिक पांड्या, केदार जाधव और भुवनेश्वर कुमार ने एक-एक विकेट लिया।