टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने पहले ही ओवर में अपना पहला विकेट गंवा दिया। पहले ओवर की तीसरी ही गेंद पर शेल्डन कॉट्रेल की अंदर आती गेंद धवन के पैड से टकराई। हालांकि अंपायर ने नॉटआउट दिया लेकिन वेस्टइंडीज ने रिव्यू लिया और उसमें धवन को आउट दिया गया। धवन ने आउट होने से पहले तीन गेंदों में दो रन बनाए।
धवन के आउट होने के बाद रोहित और विराट ने पारी को संभाला और दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 74 रनों की साझेदारी की। लेकिन 16वें ओवर की तीसरी ही गेंद पर भारत को दूसरा झटका लगा जब चेज की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में रोहित शर्मा ने पूरन को कैच दे दिया। आउट होने से पहले रोहित ने 34 गेंदों में 18 रन बनाए।
रोहित के जाने के बाद चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए विकेटकीपर ऋषभ पंत ने शुरू में अच्छे शॉट्स खेले लेकिन एक बार फिर से बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। 23वें ओवर की दूसरी गेंद पर ब्रेथवेट को शॉट मारने के चक्कर में बोल्ड हो गए। आउट होने से पहले पंत ने 35 गेंदों में 20 रन बनाए।
भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, रविंद्र जडेजा, केदार जाधव, मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार, खलील अहमद और कुलदीप यादव।
वेस्टइंडीज: जेसन होल्डर (कप्तान), क्रिस गेल, एविन लुईस, शाई होप, शिमरोन हेटमायर, निकोलस पूरन, रोस्टन चेज, कार्लोस ब्रैथवेट, शेल्डन कॉट्रेल, ओशेन थामस और केमार रोच।