अनुभवी बल्लेबाज यूनिस खान की साहसिक शतकीय पारी के दम पर पाकिस्तान पहले टेस्ट मैच के पहले श्रीलंका के खिलाफ शुरुआती झटकों के बाद संभल गया है।
पहले दिन का खेल खत्म होने के समय पाकिस्तान ने 4 विकेट पर 261 रन बना लिए थे। यूनिस खान 133 और असद शाफीक 55 रनों पर खेल रहे थे। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 105 रनों की साझेदारी हो चुकी है।
इससे पहले पूर्व कप्तान यूनिस खान ने कप्तान मिस्बाह उल हक (31) के साथ भी चौथे विकेट के लिए 100 रनों की साझेदारी निभाई। मिस्बाह टी-ब्रेक के बाद फिरकी गेंदबाज रंगना हेराथ की गेंद पर आउट हुए। हेराथ और धम्मिका प्रसाद ने 2-2 विकेट झटके।
यूनिस के करियर का यह 24वां टेस्ट शतक है। उन्होंने हमवतन जावेद मियांदाद के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। जबकि मोहम्मद यूसुफ के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। और पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक (25 शतक) के सर्वाधिक टेस्ट शतकों के रिकॉर्ड से एक शतक पीछे हैं।
यह टेस्ट श्रीलंका के लिए बेहद खास है क्योंकि उसके सफलतम कप्तानों में से एक महेला जयवर्धने का यह आखिरी टेस्ट सीरीज है। जयवर्धने ने पिछले महीने पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की थी। दोनों टीमों के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है।
बेहद खराब रही पाक की शुरुआत
श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला पाक टीम को रास नहीं आया और लंच से पहले उसने अपने 3 शीर्ष विकेट गंवा दिए।
पाकिस्तान की शुरुआत ही बहुत खराब रही और दूसरे ओवर में ही अहमद शहजाद (4) धम्मिका प्रसाद की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके थोड़ी ही देर बाद दूसरे ओपनर खुर्रम मंजूर (3) भी प्रसाद की गेंद पर पगबाधा हो गए।
शुरुआती संकट से उबरने की कोशिश में जुटी पाक टीम को मेजबान श्रीलंका ने एक और झटका देते हुए अजहर अली (30) को पवेलियन भेज दिया। अजहर को रंगना हेराथ ने बोल्ड किया। लंच से पहले ही पाकिस्तान ने अपने 3 विकेट महज 56 रन के अंदर गंवा दिए थे।
मिस्बाह बने दूसरे सबसे बुजुर्ग टेस्ट कप्तान
पाकिस्तान के कप्तान मिस्बाह उल हक आज जब श्रीलंका के खिलाफ टॉस करने मैदान पर गए तो उनके साथ एक और रिकॉर्ड जुड़ गया।
टेस्ट क्रिकेट में किसी टीम की कप्तानी करने वाले वह दूसरे सबसे बुजुर्ग कप्तान बन गए हैं। आज जब मिस्बाह कप्तानी करने मैदार पर उतरे तो उनकी उम्र 40 साल और 70 दिन थी। टेस्ट में सबसे बुजुर्ग क्रिकेटर का रिकॉर्ड वेस्ट इंडीज के क्लवाइ लॉयड के नाम दर्ज है। उन्होंने 40 साल और 124 दिन की उम्र में कैरेबियाई टीम की अगुवाई की।
साथ ही कप्तान मिस्बाह को आज एक और खुशी मिली। पाकिस्तान इस साल 20 जनवरी के बाद पहली बार किसी टेस्ट मैच से पहले टॉस जीत सका है।