ऑकलैंड में खेले गए वर्ल्ड कप के 29वें मुकाबले में बारिश से बाधित होने के बाद पाक के तेज गेंदबाजों ने मैच को और शानदार बना दिया। तेज गेंदबाजों के लाजवाब प्रदर्शन के दम पर पाक ने वर्ल्ड कप में मजबूत कही जाने वाले दक्षिण अफ्रीका को आसानी से हरा दिया है।
लाइव स्कोर कार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
डकवर्थ लुइस नियम के तहत 47 ओवरों में मिले 232 रनों के लक्ष्य के जवाब में दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम 33.3 ओवरों में ही 202 रनों पर ऑल आउट हो गई। अफ्रीकी टीम की ओर से कप्तान एबी डीविलियर्स ने 58 गेंदों में 77 रनों (7 चौका और 5 छक्का) की पारी खेली, लेकिन नौंवें विकेट के रूप में उनके आउट होने के बाद टीम की जीत की उम्मीदों पर पानी पड़ गया। पाक की ओर से तेज गेंदबाजों राहत अली, वहाब रियाज और मोहम्मद इरफान ने 3-3 विकेट झटके।
इससे पूर्व पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद पाकिस्तान की पूरी टीम 46.4 ओवर में 222 रन बनाकर आउट हो गई। हालांकि डकवर्थ-लुइस नियम के आधार पर दक्षिण अफ्रीका को 47 ओवर में 232 रनों का लक्ष्य दिया गया। पाक के लिए कप्तान मिस्बाह-उल-हक (56) ने सर्वाधिक योगदान दिया।
हालांकि मिस्बाह एक बार फिर वनडे में अपने शतक से दूर रह गए। उन्होंने अपने 160वें मैच की 147वीं पारी में 42वां अर्धशतक लगाया। इस पारी के बाद भी सबसे ज्यादा वनडे मैच और सर्वाधिक फिफ्टी के अलावा 5 हजार से ज्यादा रन बनाने के बावजूद एक भी शतक नहीं लगा पाने का उनका वर्ल्ड रिकॉर्ड और मजबूत हो गया है। अफ्रीकी टीम की ओर से तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने 3 विकेट झटके। जबकि कायली एबॉट और मोर्ने मोर्कल को 2-2 सफलता मिली।
पाक की पारी के दौरान 2 बार बारिश ने खेल में बाधा डाली। बारिश से काफी समय नुकसान होने के बाद अंपायरों ने ओवरों की संख्या घटाकर 47-47 ओवरों का कर दिया।
इस जोरदार जीत के बाद पाक पूल-बी की अंकतालिका में तीसरे नंबर पर आ गया है। पहले स्थान पर टीम इंडिया और दूसरे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका विराजमान है। पाक की 5 मैचों में यह तीसरी जीत है जबकि अफ्रीकी टीम की इतने ही मैचों में यह दूसरी हार है। पाक से पहले टीम इंडिया भी दक्षिण अफ्रीका को हरा चुकी है।