पाकिस्तान को टी-20 वर्ल्ड कप में अपनी चुनौती बनाए रखने के लिए ऑस्ट्रेलिया पर हर हाल में जीत हासिल करनी थी लेकिन इस हार के साथ उसकी टूर्नामेंट से विदाई भी हो गई। पाक की यह लगातार तीसरी हार है।
मोहाली में खेले गए वर्ल्ड कप के 26वें मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने जेम्स फॉकनर के झटके 5 विकेटों की बदौलत पाकिस्तान को 21 रनों से हराकर सेमीफाइनल की रेस को दिलचस्प बना दिया है। लगातार 3 मैच जीतकर न्यूजीलैंड पहले ही अंतिम 4 में पहुंच चुका है, और ग्रुप से दूसरी टीम का फैसला अब 27 को मोहाली में ही भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच ग्रुप के अंतिम लीग मुकाबले से होगा।
सुपर-10 में ग्रुप चरण के मुकबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 193 रन बनाए। मैच में कप्तान स्टीव स्मिथ (नाबाद 61) ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेलते हुए 2 विकेट के लिए 50 से ज्यादा की साझेदारियां भी की। स्मिथ 43 गेंदों में 61 रन बनाकर नाबाद लौटे। उनके अलावा शेन वाटसन ने 21 गेंदों में 44 रनों की अविजित पारी खेली। वाटसन और स्मिथ ने 6.2 ओवर में 62 रनों की साझेदारी कर डाली।
जवाब में पाक टीम इतने ही ओवर में 8 विकेट पर 172 रन बना सकी। उसकी ओर से खालिद लतिफ ने 46 तो शोएब मलिक ने नाबाद 40 रनों की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया की ओर से जेम्स फॉकनर ने 27 रन देकर 5 विकेट झटके। कप्तान शाहिद अफरीदी 14 रन बनाकर आउट हो गए।