दिल्ली के फिरोजशाह कोटला में भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच जब मैच कांटे का हो चला था कि अचानक बारिश शुरू हो गई और फिर मैच दुबारा शुरू नहीं कराया जा सका जिससे मेजबान टीम को हार का सामना करना पड़ गया।
महिला टी-20 वर्ल्ड कप के 7वें मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम पाक के सामने जीत के लिए 97 रनों का लक्ष्य रख सका, जिसके जवाब में पाक ने बारिश से खेल रुकने तक 16 ओवर में 6 विकेट पर 77 रन बना लिए थे। इसके बाद आगे का खेल शुरू नहीं हो सका और पाक यह मैच 2 रन से जीत गया।
यह मैच लो स्कोरिंग का जरुर रहा लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने बेहद कसी हुई गेंदबाजी कर मैच में रोमांच ला दिया था और जब मैच उसके पक्ष में जाता दिख रहा था कि बारिश ने मेजबान टीम का पूरा खेल बिगाड़ कर रख दिया। पाक की गेंदबाज अनम अमीन को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया जिन्होंने 4 ओवर में एक विकेट लेकर 9 रन झटके।
भारत की महिला टीम को 2 मैचों से यह पहली हार है। अपने पहले मैच में उसने बांग्लादेश को 72 रनों के बड़े अंतर से हराया था। वहीं पाक की यह पहली जीत है। पहले मैच में उसे वेस्टइंडीज ने 4 रनों से हरा दिया था।