वर्ल्ड कप के महामुकाबले में टीम इंडिया ने अपने ऐतिहासिक रिकॉर्ड को बरकारार रखते हुए पाकिस्तान को 76 रनों से हरा दिया। वर्ल्ड कप इतिहास में भारत की पिछले 23 सालों में पाक पर यह लगातार छठी जीत भी है।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
टीम इंडिया से मिले 301 रनों के विशाल लक्ष्य के जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 47 ओवर में 224 रन बनाकर आउट हो गई। उसकी ओर से कप्तान मिस्बाह उल हक ने सर्वाधिक 76 रन बनाए। जबकि भारत की ओर से मोहम्मद शमी ने लाजवाब गेंदबाजी करते हुए 35 रन देकर 4 विकेट झटके। शमी के अलावा उमेश यादव और मोहित शर्मा ने 2-2 विकेट झटके।
इससे पहले भारत ने 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 300 रन बनाए। उसकी ओर से कोहली ने सर्वाधिक 107 रनों (8 चौका) की पारी खेली। कोहली के अलावा सुरेश रैना ने 56 गेंदों में 74 रन (5 चौका और 3 छक्का) बनाए। धवन ने 73 रनों की पारी खेली।
पाक पर भारत की यह जीत इस मायने में भी खास है क्योंकि नवंबर में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई टीम इंडिया की इस दौरे पर किसी अंतरराष्ट्रीय मैच में पहली जीत है। भारत ने वर्ल्ड कप में पाक को हराने का जो सिलसिला 1992 में शुरू किया था उसे इस बार भी बचाए रखा। 1992, 1996, 1999, 2003 और 2011 के बाद इस बार भी जीत के रथ को आगे बढ़ाते हुए टीम ने जीत का छक्का लगा दिया।
वर्ल्ड कप इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली ने आज अपने करियर का 22वां शतक लगाया। इसके अलावा उन्होंने शिखर धवन (73) के साथ दूसरे विकेट के लिए 129 रनों की और फिर सुरेश रैना के साथ तीसरे विकेट के लिए 110 रनों की शतकीय साझेदारी निभाई।
पाकिस्तान की ओर से तेज गेंदबाज सोहैल खान ने 5 विकेट झटके। भारत ने 49वें (अंतिम गेंद) और 50वें (शुरुआती 2 गेंदों पर) ओवर में मिलाकर लगातार 3 गेंदों पर 3 विकेट गंवाए।