पिछले साल जहां धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया को सीमित ओवरों के मुकाबले में जीत के लिए संघर्ष करना पड़ रहा था तो यह साल उनकी कप्तानी के लिए यादगार साल साबित होता जा रहा है। पाकिस्तान के खिलाफ इस बड़े मुकाबले में शुरुआती झटकों के बाद विराट कोहली (49) की दमदार पारी के दम पर शानदार जीत हासिल कर ली। इस जीत के साथ ही भारत ने साल 2016 में जीत का सत्ता लगा दिया है।
दुनिया की नंबर वन टीम इंडिया ने इस साल खेले 8 टी-20 मैचों में सातवीं जीत हासिल की है जो किसी भी टीम की ओर से सबसे ज्यादा जीत हासिल करने का रिकॉर्ड भी है।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
भारतीय गेंदबाजों ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए पाक की पूरी टीम को 17.3 ओवर में 83 रनों पर समेट दिया। पाक की ओर से सिर्फ 2 बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सके। भारत के लिए हार्दिक पांड्या ने 8 रन देकर 3 विकेट निकाले।
जवाब में पहले ही ओवर में 4 गेंदों के अंदर 2 विकेट गंवाने के बाद भारत ने कोहली और युवराज सिंह (नाबाद 14) के बीच चौथे विकेट 68 रनों की साझेदारी की बदौलत शुरुआती संकट को टालते हुए 15.3 ओवर में ही 5 विकेट से मैच जीत लिया। धोनी (नाबाद 7) के चौके ने भारत को टूर्नामेंट में दूसरी जीत दिलाई। मैच में भारत के 3 बल्लेबाज 0 पर आउट हुए।
कप्तान धोनी ने लगाया विनिंग चौका
पाक के मामूली लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की बल्लेबाजी को तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने चौंका दिया। आमिर ने भारतीय टीम का शीर्ष क्रम बिखेर दिया।
आमिर ने पहले ही ओवर में दो विकेट झटक लिए। पहले रोहित शर्मा (0) बिना खाता खोले गए। जबकि दूसरा झटका दूसरे ओपनर अजिंक्य रहाणे (0) के रुप में लगा।
टीम इंडिया को संभलने का मौका तक मिला कि आमिर ने अपने अगले ओवर में सुरेश रैना (1) को चलता किया। तीन विकेट गिरने के बाद बैकफुट में आई टीम इंडिया की डूबती नैय्या को विराट कोहली (49) और युवराज सिंह (नाबाद 14) ने पार लगाया। सूझबूझ भरी पारी खेलते हुए इस भारतीय जोड़ी ने 68 रनों की अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी की।
हालांकि कोहली एक रन से फिफ्टी से चूक गए। अगली गेंद पर हार्दिक पांड्या बिना खाता खोले आउट हुए। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (नाबाद 7) बल्लेबाजी करने आए और विनिंग चौके के साथ पाक से मैच छीन लिया।
खराब शुरुआत के बाद उमर अकमल और अफरीदी हुए रन आउट
टॉस जीतकर पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता देने के बाद गेंदबाजों ने टीम इंडिया को बेहद शानदार शुरुआत दिलाते हुए पाक टीम को बैकफुट पर भेज दिया। भारत को पहली सफलता पारी की तीसरी गेंद पर मिल गई जब तेज गेंदबाज आशीष नेहरा ने मोहम्मद हफीज (4) को धोनी के हाथों कैच आउट करा दिया।
इसके बाद दूसरा ओवर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने मेडन डाला। शानदार गेंदबाजी करते हुए बुमराह ने पारी के चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर दूसरे ओपनर श्रेजील खान (7) को कैच आउट कराया। फिर टीम को तीसरी सफलता के लिए लंबा इंतजार नहीं पड़ा और विराट कोहली के सटीक थ्रो पर खुर्रम मंजूर (10) पर रन आउट हो गए। 32 रन पर तीसरा विकेट गिरने से पाक टीम पर खासा दबाव आ गया जिसका फायदा भारतीय गेंदबाजों को मिला।
हार्दिक पांड्या ने भी सफलता हासिल करते हुए शोएब मलिक (4) को धोनी के हाथों कैच आउट करा दिया। वह 12 गेंदों में 4 रन ही बना सके। उनके जाने के बाद पाक को सबसे बड़ा झटका तब लगा जब टीम के विस्फोटक बल्लेबाज उमर अकमल (3) को युवराज सिंह ने अपनी पहली ही गेंद पर पगबाधा करा दिया।
फिर कप्तान शाहिद अफरीदी भी दूसरा रन चुराने के प्रयास में सिर्फ 5 रन बनाकर रन आउट हो गए। पाक ने अपने 6 शीर्ष विकेट 8 ओवर के अंदर 42 रन ही गंवा दिए थे जिसके 50 रन 11वें ओवर में जाकर पूरे हुए। रविंद्र जडेजा ने सातवीं और आठवीं सफलता ली। आखिरी की दो सफलताएं ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को मिली।