5 मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच दोनों टीमों के लिहाज से बेहद शानदार रहा। पर्थ जैसी खतरनाक समझे जाने वाली पिच पर दोनों टीमों की ओर से शतक लगे, साथ ही दोहरी शतकीय साझेदारियां भी हुईं लेकिन जीत ऑस्ट्रेलिया के हाथ लगी और टीम इंडिया अपने ऐतिहासिक प्रदर्शन के बावजूद यह मैच नहीं जीत सकी।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए क्लिक करें।
वाका मैदान पर खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने 310 रनों के लक्ष्य को 4 गेंद शेष रहते 49.2 ओवर में 5 विकेट खोकर 310 रन बनाते हुए हासिल कर लिया। अंतिम ओवर में बरिंदर सरां की गेंद पर आउट होने से पहले कप्तान स्टीवन स्मिथ ने 149 रनों (135 गेंद, 11 चौका और 2 छक्का) की पारी खेली। इससे पहले स्मिथ और जॉर्ज बैली (112) के बीच 242 रनों की साझेदारी हुई। अपना पहला वनडे खेल रहे तेज गेंदबाज बलविंदर सरां ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मैच में 3 विकेट झटके।
इससे पहले ओपनर रोहित की धमाकेदार पारी के दम पर भारत ने 50 ओवर में 3 विकेट पर 309 रन बनाए। रोहित (नाबाद 171, 163 गेंद) ने बेहद गजब की पारी खेली और यह ऑस्ट्रेलिया में किसी भी बल्लेबाज का शानदार प्रदर्शन भी है। उन्होंने अपनी नाबाद शतकीय पारी में 13 चौके और 7 छक्के भी जड़े।
साथ ही उन्होंने विराट कोहली (91) के साथ दूसरे विकेट के लिए 207 रनों की साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों की लाजवाब पारियों के दम पर भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसी के घर में सबसे बड़ा स्कोर भी कर डाला। साथ ही, पहली बार किसी वनडे में दो बार दोहरी शतकीय साझेदारी हुई है।
इस जीत से 5 मैचों की सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने 1-0 की बढ़त बना ली है। बरिंदर सरां ने जहां अपने पहले मैच में 3 विकेट झटके तो वहीं ऑस्ट्रेलिया की ओर से तेज गेंदबाजों जोएल पेरिस और स्कॉट बोलैंड ने भी आज से अपना करियर शुरू किया लेकिन एक भी विकेट नहीं झटक सके।
खराब शॉट खेलकर आउट हुए धवन, रोहित-कोहली ने बांधा समां
टॉस जीतकर धोनी के पहले बल्लेबाजी करने के फैसले के बाद भारतीय पारी की शुरुआत करने रोहित शर्मा और शिखर धवन क्रीज पर आए। रोहित ने पारी की शुरुआत शानदार अंदाज में कराई और शुरुआती 2 गेंद पर 6 रन बनाने के बाद टीम ने पहले ओवर में 11 रन जोड़ लिए। इसके बाद रोहित ने अपना पहला वनडे खेल रहे तेज गेंदबाज जोल पेरिस की 10वीं गेंद पर शानदार छक्का भी जड़ा।
रोहित के साथ टिके धवन को रन बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा था और 21 गेंदों पर 9 रन बनाने के बाद जोश हैजलवुड की उछाल लेती गेंद को पुल करने के चक्कर में कैच थमा बैठे। पहले विकेट के लिए दोनों ने 6.4 ओवर में 36 रन जोड़े थे। धवन के जाने के बाद रोहित का साथ देने विराट कोहली क्रीज पर आए। इस बीच भारत ने 10वें ओवर में कोहली के चौके से अपने पहले 50 रन पूरे कर लिए।
दोनों ने अपनी शानदार पारी को बेहद नायाब तरीके से आगे बढ़ाया और दूसरे विकेट के लिए अपनी साझेदारी को पहले 50 के पार फिर 100 के पार ले गए। इसके बाद इस जोड़ी ने दोहरी शतकीय साझेदारी भी कर डाली। कंगारू गेंदबाज अपने सबसे पसंदीदा तेज पिच पर भी भारतीय बल्लेबाजों को रोक पाने में नाकाम रहे। रोहित ने 63 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया तो कोहली ने 61 गेंदों में फिफ्टी ठोंकी। कोहली की ऑस्ट्रेलिया में कंगारुओं के खिलाफ यह पहली फिफ्टी भी है। जोरदार साझेदारी के दम पर भारत ने 21.1 ओवर में अपने 100 रन पूरे किए थे।
रोहित और कोहली में हुई दोहरी शतकीय साझेदारी
रोहित शर्मा और विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर बेहद लाजवाब बल्लेबाजी कर कंगारुओं को चौंका दिया। पिछले साल मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतकीय पारी खेलने वाले रोहित ने अब पर्थ में कमाल दिखाया और शानदार शतक ठोंक दिया। 122 गेंदों में शतक ठोंकने के साथ ही रोहित इस देश में मेजबान टीम के खिलाफ पिछले 8 सालों में 2 शतक लगाने वाले पहले और एकमात्र भारतीय बल्लेबाज बन गए।
रोहित का बखूबी साथ दे रहे कोहली ने भी कई शानदार शॉट लगाया और 61 गेंदों में फिफ्टी ठोंकी। लेकिन वह नर्वस नाइंटीज के शिकार बन गए। 45वें ओवर में वह जब शतक से महज 9 रन दूर थे तो एक बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में सीमारेखा के पास कैच थमा बैठे। वह 97 गेंदों में 9 चौका और एक छक्के के साथ 91 रन पर आउट हुए।
कोहली के जाने के बाद क्रीज पर कप्तान धोनी आए और स्लॉग ओवरों में तेजी से रन बनाने लगे। धोनी 18 रन बनाकर आउट हुए। भारत ने अंतिम ओवर में 300 का आंकड़ा छुआ।
आखिरी ओवर में स्मिथ को आउट कर हीरो बन गए बरिंदर
टीम इंडिया के विशाल स्कोर के जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम की बल्लेबाजी शुरुआत में भारत के पक्ष में रही। दोनों खतरनाक ओपनर डेविड वॉर्नर (5) और एरोन फिंच (8) दहाई का आंकड़ा पार करने में कामयाब नहीं हो सके।
अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत कर रहे भारतीय तेज गेंदबाज बरिंदर सरां ने दोनों विकेट झटके। हालांकि इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीवन स्मिथ और जॉर्ज बेली ने विकेटों की झड़ी पर रोक लगाई और शतकीय साझेदारी पूरी की। इससे पहले जॉर्ज बैली और फिर कप्तान स्टीवन स्मिथ ने अपने-अपने पचासे पूरे किए।
26वें ओवर में आर अश्विन अपनी टीम के लिए काफी महंगे साबित हुए। उनके एक ओवर में पहले जॉर्ज बैली ने एक छक्का और एक चौका लगाया, फिर स्मिथ ने एक छक्का भी जड़ा। एक लेग बाई को मिलाकर 19 रन लुटे।
लंबी पारी खेलते हुए स्मिथ (149) और बैली ने तीसरे विकेट के लिए 242 रनों की दोहरी शतकीय साझेदारी पूरी की। 112 के निजी स्कोर पर बैली आर अश्विन का शिकार हुए। कुछ देर बाद अश्विन ने ग्लेन मैक्सवेल (6) को अपना दूसरा और भारत का चौथा शिकार बनाया। आखिरी ओवर की पहली गेंद पर बरिंदर ने स्मिथ को आउट कर उलटफेर करने की कोशिश की लेकिन कोशिश नाकाफी रही।