भारत ए और बांग्लादेश ए के बीच चल रहे गैर आधिकारिक मैच के दूसरे दिन भारत का प्रदर्शन शानदार रहा। पहली पारी में बांग्लादेश के 228 रनों के जवाब में भारत ने पहली पारी में 5 विकेट पर 411 रन बनाए और पारी घोषित की।
मैच के बीच आई बारिश से मैच काफी देर प्रभावित रहा। लंच से पहले और फिर टी ब्रेक के बाद भी काफी देर मैच नहीं हुआ।
हालांकि जब-जब मैदान में भारतीय बल्लेबाजों को अपना हुनर दिखाने का मौका मिला, उसे भुनाया। भारतीय कप्तान शिखर धवन ने 150 रनों की शानदार पारी खेली। धवन के अलावा विज शंकर ने नाबाद 86 रनों की पारी खेली। करुण अय्यर (77)ने फिफ्टी लगाई।
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक बांग्लादेश ने 2 विकेट खोकर 36 रन बना लिए हैं। क्रीज पर मोमिनुल हक (7) और लिटो्न दास (1) नाबाद हैं।
भारत के विशाल लक्ष्य के जवाब में दूसरी पारी खेलनी उतरी बांग्लादेश की टीम दूसरे दिन 11 ओवर ही खेल सकी। लेकिन टीम ने अपने दो अहम विकेट गंवा दिए। एक बार फिर सलामी बल्लेबाज अनामुल हक बिना खाता खोले आउट हुए। जबकि टीम ने दूसरा विकेट सौम्य सरकार (19) के रुप में गंवाया।