आईपीएल-8 के 31वें मुकाबले में चिलचिलाती धूप में दिल्ली डेयरडेविल्स के गेंदबाजों ने किंग्स इलेवन पंजाब को शुरुआती 10 ओवर में एक के बाद एक करके इस कदर झटके दिए कि वे 120 रन भी नहीं बना सके, जिसका फायदा दिल्ली को मिला और 9 विकेट से मैच जीत लिया।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए क्लिक करें
दिल्ली में खेले गए मुकाबले में बेहद आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने 13.5 ओवर में ही एक विकेट खोकर 119 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। उसकी ओर से श्रेयस अय्यर ने सर्वाधिक 54 रन बनाए। उन्होंने 40 गेंदों की पारी में 4 चौके और 3 छक्के भी जड़े। उनके अलावा मयंक अग्रवाल ने नाबाद 52 रन बनाए। श्रेयस और मयंक ने पहले विकेट के लिए 106 रनों की शतकीय साझेदारी की।
इससे पहले पंजाब किंग्स इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 118 रन बनाए। पंजाब की शुरुआत बेहद ही लचर रही और उसने अपने शीर्ष 6 विकेट 10 ओवर से पहले ही गंवा दिए। पंजाब के लिए डेविड मिलर ने सबसे ज्यादा 41 गेंदों में 42 रनों का योगदान दिया, जबकि अक्षर पटेल ने 22 रन बनाए।
एक साल बाद प्रतियोगी क्रिकेट मैच खेलने उतरे तेज गेंदबाज जहीर खान ने शुरुआती 2 ओवर में 2 विकेट लेकर दिल्ली की सफलता की शुरुआत की। इसके बाद अन्य गेंदबाजों ने भी पंजाब के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। नाथन कल्टर-नील ने 4 जबकि जेपी डुमिनी और अमित मिश्रा को एक-एक सफलता मिली।
इस जीत के साथ ही दिल्ली ने आईपीएल के इस सत्र में आठवें मैच अपनी चौथी जीत का स्वाद चख लिया। जबकि किंग्स इलेवन पंजाब की 8 मैचों में यह छठी पराजय है।