पुणे में खेले जा रहे तीन टेस्ट मैच की सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने शिकंजा कस लिया है। शुक्रवार को मैच के दूसरे दिन कप्तान विराट कोहली के सातवें दोहरे शतक के बूते टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी 5 विकेट गंवाकर 601 रन पर घोषित की। बल्लेबाजों के बाद भारतीय गेंदबाजों का दम देखने को मिला। दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय पेसर्स ने महज 36 रन खर्च करते हुए तीन दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों को पवेलियन लौटा दिया। ब्रायन (20) और बतौर नाइट वॉचमैन आए नॉर्टजे (2) नाबाद लौटे। इस तरह भारत की पहली पारी के आधार पर प्रोटियाज टीम अभी भी 565 रन पीछे हैं।
601 रन के पहाड़ से स्कोर के जवाब में दक्षिण अफ्रीकी की शुरुआत बेहद खराब रही। उमेश यादव ने एडन मार्करम को बिना खाता खोले ही पवेलियन लौटा दिया। 33 रन के भीतर दक्षिण अफ्रीका अपने तीन विकेट गंवा चुकी थी। मेहमान टीम को दूसरा झटका भी उमेश यादव ने ही दिया। डीन एल्गर (6) रन बनाकर आउट हुए। टीम इस झटके से उबरी ही नहीं थी कि मोहम्मद शमी ने आते ही बावुमा (8) का काम तमाम किया।
254 रन की पारी खेलने वाले विराट कोहली ने अपने टेस्ट करियर का सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर भी बनाया। कोहली ने अपनी नाबाद पारी में 336 गेंदों का सामना कर तीन चौके और दो छक्के मारे। ताबड़तोड़ 91 रन बनाने वाले जडेजा ने 104 गेंदों का सामना किया। जड्डू ने अपनी पारी में आठ चौके और दो छक्के लगाए। इन दोनों के अलावा मयंक अग्रवाल ने 195 गेंदों पर 16 चौके और दो छक्कों की मदद से 108 रनों की पारी खेली। उप-कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 59 और चेतेश्वर पुजारा ने 58 रनों का योगदान दिया। दक्षिण अफ्रीका के लिए कागिसो रबाडा ने तीन, केशव महाराज और सेनुरान मुथुसामी ने एक-एक विकेट लिया।
भारत की ओर से पहले दिन के हीरो मयंक अग्रवाल रहे। मयंक ने 108 रन की शतकीय पारी खेली, इसी के साथ वह लगातार दो मैच में सैकड़ा जमाने वाले वीरेंद्र सहवाग के बाद दूसरे ओपनर बन गए। आज टेस्ट मैच के पहले दिन भारत को रोहित शर्मा के रूप में पहला झटका लगा।