गत चैंपियन मुंबई इंडियंस को चैंपियंस लीग ट्वंटी-20 ग्रुप ‘बी’ के अपने पहले मुकाबले में हाइवेल्ड लायंस के हाथों आठ विकेट से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। 158 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए लायंस ने 37 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। लेकिन ‘मैन ऑफ द मैच’ नील मैकेंजी के नाबाद पचासे से लायंस ने 18.5 ओवर में दो विकेट पर 158 रन बनाकर जीत हासिल कर ली।
मैकेंजी ने 41 गेंदों में 12 चौकों के साथ नाबाद 68 रन की धुआंधार पारी खेली। मैकेंजी ने तीसरे विकेट के लिए क्येनटन डी कॉक के साथ 12 ओवर में 121 रन की धुआंधार नाबाद साझेदारी निभाई। कॉक 33 गेंदों में पांच चौके और दो छक्कों के साथ 51 रन बनाकर नाबाद रहे।
इससे पहले, मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 157 रन बनाए। करीब दो महीने बाद मैदान पर वापसी कर रहे सचिन तेंदुलकर की वापसी निराशाजनक रही और वह 24 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हो गए। ड्वेन स्मिथ 19 गेंदों में 26 रन की तेज पारी खेलकर पेवेलियन लौटे।
रोहित शर्मा (27) और मिचेल जानसन (30) ने तीसरे विकेट के लिए 35 रन जोड़े। कीरोन पोलार्ड बड़ी पारी नहीं खेल सके और सिर्फ 11 रन बनाकर बोल्ड हो गए। आखिरी ओवरों में दिनेश कार्तिक ने नौ गेंदों में दो चौकों और एक छक्के के साथ तेजी से 19 रन की पारी खेली। लायंस के लिए मीडियम पेसर सोहेल तनवीर ने दो विकेट चटकाए।