इंग्लैंड के खिलाड़ी आईपीएल 2023 के दौरान चोट से जूझ रहे हैं
- फोटो : सोशल मीडिया
आईपीएल 2023 में इंग्लैंड के अधिकतर खिलाड़ी चोट से जूझ रहे हैं। टीम के कई प्रमुख खिलाड़ी इस साल अपनी-अपनी आईपीएल टीमों के लिए नहीं खेल रहे हैं। जॉनी बेयरस्टो से लेकर लियम लिविंगस्टोन जैसे बड़े खिलाड़ी पहले ही पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे और अब रीसी टॉप्ली जैसे खिलाड़ी भी चोटिल होकर इस टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं।
इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर अच्छी लय में हैं, लेकिन उन्हें फील्डिंग के दौरान चोट लगी थी और वह भी चोट से परेशान हैं। बेयरस्टो और लिविंग्सटोन पूरे टूर्नामेंट से बाहर हैं। मुंबई और चेन्नई के मैच में शनिवार को चेन्नई के कप्तान धोनी ने बताया कि मोईन अली और बेन स्टोक्स फिट नहीं हैं और ये दोनों इस मैच में नहीं खेले। स्टोक्स पहले ही घुटने की चोट से परेशान हैं और गेंदबाजी करने में उन्हें परेशानी हो रही है। इसी मैच में मुंबई के लिए तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर भी नहीं खेले। वह भी लंबे समय बाद चोट से उबर कर वापस लौटे हैं, लेकिन अभी भी पूरी तरह से फिट नहीं हैं। एहतियात के तौर पर वह यह मैच नहीं खेले।
आईपीएल 2023 में चोट की वजह से इंग्लैंड के लगभग एक दर्जन खिलाड़ी परेशान हैं। इसी साल भारत में वनडे विश्व कप होना है। ऐसे में सभी खिलाड़ियों के लिए आईपीएल खेलना जरूरी था, क्योंकि इससे भारतीय जमीन पर खेलने का अनुभव मिलता, लेकिन इंग्लैंड के अधिकतर खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में सही तरीके से नहीं खेल पा रहे हैं। इससे इंग्लैंड की विश्व कप की तैयारियों में असर पड़ेगा। वहीं, रीसी टॉप्ली जैसे खिलाड़ी के गंभीर रूप से चोटिल होने से उनका विश्व में खेलना भी मुश्किल लग रहा है। यह इंग्लैंड के लिए बड़ा झटका है।
हैरी ब्रुक जैसे खिलाड़ी आईपीएल में खेल तो रहे हैं, लेकिन अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। यह इंग्लैंज के लिए परेशानी बढ़ाने वाली बात है।