पाकिस्तान के दौरे पर पहुंची इंग्लैंड की टीम को पहले मैच के दौरान बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार ऑलराउंडर लियम लिविंगस्टोन चोटिल होकर पूरी सीरीज से बाहर हो चुके हैं। पहले मैच में वह पूरी तरह से फ्लॉप रहे और इसी मुकाबले में चोटिल भी हो गए। उनके दाहिने घुटने में चोट लगी है। लिविंगस्टोन का यह पहला टेस्ट मैच था और वह बाउंड्री में फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए।
29 साल के लिविंगस्टोन अपने डेब्यू मैच में पहली पारी में 10 गेंद में सिर्फ नौ रन बना पाए थे। इसके बाद पाकिस्तान की पहली पारी के दौरान वह चोटिल हो गए और मैदान से बाहर रहे। इंग्लैंड की दूसरी पारी में उन्होंने बल्लेबाजी की, लेकिन सिर्फ सात रन बनाकर नाबाद रहे। वह आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए। पाकिस्तान की दूसरी पारी में भी उन्होंने गेंदबाजी नहीं की और अब पूरी सीरीज से बाहर हो चुके हैं। पाकिस्तान को इस दौरे पर कुल तीन टेस्ट खेलने हैं और लिविंगस्टोन बाकी के दो टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने एक बयान में कहा, "इंग्लैंड की पुरुष टीम के ऑलराउंडर लियम लिविंगस्टोन दाहिने घुटने की चोट के कारण पाकिस्तान के खिलाफ बाकी टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। वह मंगलवार को इंग्लैंड लौटेंगे और ईसीबी और लंकाशायर की मेडिकल टीमों की देखरेख में फिर से फिटनेस हासिल करेंगे।"
इंग्लैंड की टीम में अब तक लिविंगस्टोन की जगह किसी खिलाड़ी को शामिल नहीं किया गया है।
रावलपिंडी की सपाट पिच पर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के चार बल्लेबाजों ने शतक लगाया और टीम ने पहली पारी में 657 रन बनाए। इसके जवाब में पाकिस्तान ने 579 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए भी तीन बल्लेबाजों ने शतक लगाया। इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी 264 रन बनाकर घोषित की और पाकिस्तान के सामने 343 रन का लक्ष्य रखा। इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम पांच विकेट खोकर 217 रन बना लिए हैं। यह मैच अभी भी किसी भी टीम के पक्ष में जा सकता है।
सीरीज का दूसरा टेस्ट नौ दिसंबर से मुल्तान में होगा, जबकि तीसरा और अंतिम टेस्ट 17 दिसंबर से कराची में खेला जाएगा।