लीग के लिए रजिस्ट्रेशन के बाद ट्रायल प्रक्रिया के दो राउंड आयोजित किए जाएंगे। लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी होगी और हर टीम का बजट 8-10 लाख रुपये होगा और सभी टीम 16 खिलाड़ी खरीदेंगी जिसमें 10 खिलाड़ी उत्तर प्रदेश और बाकी 6 खिलाड़ी अन्य राज्यों से चुने जाएंगे।
अमर उजाला और लीजेंड्स लीग क्रिकेट उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में टेनिस बॉल की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग एलएलसी टेन10 का आयोजन करने जा रहे हैं। इस लीग में कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी। यह लीग उन युवा खिलाड़ियों के लिए एक सुनहरा मौका लेकर आई है जो क्रिकेटर बनने का सपना देख रहे हैं। खासतौर पर लोकल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच पर चमकने का मौका देने के उद्देश्य से शुरू की गई यह लीग हर मोहल्ले और कस्बों के क्रिकेट सितारों को बड़ा प्लेटफॉर्म प्रदान करेगी।
विज्ञापन
लीग के लिए रजिस्ट्रेशन के बाद ट्रायल प्रक्रिया के दो राउंड आयोजित किए जाएंगे। लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी होगी और हर टीम का बजट 8-10 लाख रुपये होगा और सभी टीम 16 खिलाड़ी खरीदेंगी जिसमें 10 खिलाड़ी उत्तर प्रदेश और बाकी 6 खिलाड़ी अन्य राज्यों से चुने जाएंगे। इसमें टेनिस बॉल क्रिकेट के प्रसिद्ध खिलाड़ी राजू मुखिया भी हिस्सा लेंगे। राजू उन चुनिंदा मार्की खिलाड़ियों में शामिल हैं जो टेनिस बॉल क्रिकेट में अपना दम दिखा चुके हैं। राजू मुखिया ने अमर उजाला डॉट कॉम से विशेष बातचीत की, पेश हैं प्रमुख अंश...
सवाल - अगर आप अपने करियर में पीछे मुड़कर देखें तो आप अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि किसे मानते हैं ? जवाब - मैं अपने पिता को अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि मानता हूं। उन्होंने मेरा काफी समर्थन किया है। मेरे पिता ने ही मुझे बताया कि क्या करना है और क्या नहीं करना है, इसलिए सबकुछ मेरे पिता ही हैं। हम सामान्य परिवार से आते हैं और मेरे पिता का ध्यान पढ़ाई की तरफ रहता था। उनका कहना था कि पढ़ लिखकर अच्छा कुछ करो, कुछ बनो, लेकिन मुझे खेलने की चाह थी। कई बार ऐसा होता था कि मैंने खेलने के लिए स्कूल भी छोड़ा। पापा गुस्सा होते थे, लेकिन उन्होंने कोई कड़ा फैसला नहीं लिया जिससे मेरा खेलना ही बंद हो जाए। इसलिए उन्होंने हमेशा समर्थन किया कि अगर खेलना पसंद है तो खेलो।
सवाल - अगर टेनिस बॉल क्रिकेट के आंकड़ों में आपकी बात की जाए तो वो क्या होंगे? जवाब - हां, मैं एक बार ओडिशा में खेला था और मैंने चार ओवर डाले थे और चारों ही ओवर मेडन रहे तथा मैंने चार विकेट भी झटके।
सवाल - क्या अब तक के करियर से आप संतुष्ट हैं या आपको लाइफ मैं और भी चीजें अचीव करनी हैं ? जवाब - अभी काफी कुछ हासिल करना है। जैसा कि मैंने कहा कि मैं एक सामान्य परिवार से आता हूं इसलिए मुझे अभी और आगे तक जाना है और अपना करियर बनाना है।
सवाल - भविष्य के लिए आपके क्या लक्ष्य हैं, अपने खेल के किन क्षेत्रों में आप अपना ज्यादा ध्यान केंद्रित कर रहे हैं ? जवाब - अभी तो बस खेल ही रहा हूं। टेनिस बॉल क्रिकेट में इतने लेवल आ गए हैं कि हमारा जीवन सुरक्षित भी हो सकता है। इसलिए मेरा ध्यान अभी सिर्फ इसी खेल पर केंद्रित है।
सवाल - अमर उजाला और एलएलसी मिलकर टेनिस बॉल के सबसे बड़े टूर्नामेंट का आयोजन करने जा रहे हैं। इस एलएलसीटेन10 लीग का युवा क्रिकेटरों को क्यों हिस्सा बनना चाहिए। इस तरह के टूर्नामेंट खिलाड़ियों के करियर में कितने महत्वपूर्ण होते हैं ? जवाब - पहले टेनिस क्रिकेट को कोई देखता भी नहीं था और लोग कहते थे कि यह लोग अपना समय बर्बाद कर रहे हैं और इसमें कोई भविष्य नहीं है। लेकिन अब नजरिया बदला है और अगर कोई खिलाड़ी मेहनत करे तो इसमें भी अपना करियर बना सकता है। युवा क्रिकेटरों के लिए भी यह अच्छा मौका है क्योंकि टेनिस क्रिकेट भी अब टीवी पर आने लगा है।